चीनी वैज्ञानिकों का नया कारनामा, जीन्स में बदलाव कर क्लोन से 5 बंदरों को दिया जन्म
By भाषा | Updated: January 24, 2019 19:17 IST2019-01-24T19:17:14+5:302019-01-24T19:17:14+5:30
वैज्ञानिकों ने एक बंदर के जीन में बदलाव कर उसके पांच क्लोन बनाए। पहली बार जैवचिकित्सकीय अनुसंधान के लिए बंदर के जीन बदलकर कई क्लोन तैयार किए गए हैं।

Photo Courtesy: Twitter
चीन के वैज्ञानिकों ने अल्जाइमर जैसे कई मानवीय रोगों के पहलुओं के अध्ययन के लिए जीन्स में बदलाव कर क्लोन से पांच बंदरों को जन्म दिया है और दावा किया है कि इससे चिकित्सा अनुसंधान में मदद मिलेगी।
इससे जीन में बदलाव को लेकर नए सिरे से नैतिक चिंताएं पैदा हो सकती हैं। कुछ दिन पूर्व ही जीन में परिवर्तन कर दुनिया के पहले मानव शिशु को जन्म देने का दावा चीन के वैज्ञानिकों ने किया था और इस ‘अनधिकृत प्रयोग’ को लेकर वैज्ञानिक जगत में उथल-पुथल मच गयी थी।
सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने बृहस्पतिवार (24 जनवरी) को बताया कि अब चीन के वैज्ञानिकों ने नींद की समस्या, अवसाद और अल्जाइमर जैसी बीमारियों से जुड़े विकारों वाले एक वानर के जीन में बदलाव कर उसके पांच क्लोन बनाए। एजेंसी ने कहा कि पहली बार जैवचिकित्सकीय अनुसंधान के लिए बंदर के जीन बदलकर कई क्लोन बनाए गए हैं।
चीन के वैज्ञानिकों ने अंग्रेजी में प्रकाशित होने वाली चीन की शीर्ष पत्रिका ‘नेशनल साइंस रिव्यू’ में प्रकाशित दो लेखों के साथ बृस्पतिवार को बंदर की क्लोनिंग की घोषणा की। क्लोनिंग के माध्यम से बच्चों को शंघाई स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंस ऑफ चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेस में जन्म दिया गया।