प्रेमिका को पाने के लिए मुजफ्फरपुर में 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा प्रेमी?, घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा
By एस पी सिन्हा | Updated: April 1, 2026 16:37 IST2026-04-01T16:21:00+5:302026-04-01T16:37:01+5:30
मुजफ्फरपुर जिले के पारू धरफरी स्थित वार्ड नंबर 9 के रहने वाले अनीश कुमार ने प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ गया। इस दौरान घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा।

photo-lokmat
पटनाः फिल्म शोले में वीरू के द्वारा अपनी 'बसंती' (प्रेमिका) को पाने का अपनाया गया तरीका, आज बिहार में आम बात हो गई है। कभी बसंती वीरू के लिए मोबाईल टावर पर चढ जा रही है तो कभी वीरू बसंती के लिए बिजली और मोबाइल के टावर पर चढ़कर फरियाद करने लगा है। इसी क्रम में बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के जंक्शन के नजदीक रेलवे कॉलोनी परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमिका को मौके पर बुलाने के लिए एक प्रेमी करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस दौरान घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
युवक को इतने ऊंचे मोबाइल टावर पर देख लोग भी हैरान रह गये और उसे उतारने के लिए आवाज लगाने लगे लेकिन युवक के कान तक जूं नहीं रेंगी। दरअसल, मुजफ्फरपुर जिले के पारू धरफरी स्थित वार्ड नंबर 9 के रहने वाले अनीश कुमार ने प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ गया। इस दौरान घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा।
बताया जाता है कि अनीश एक महीने पहले ही पुणे से घर लौटा था, जहां वह टाइल्स की दुकान में मजदूरी का काम करता था। मंगलवार की देर शाम जब वह फिर से पुणे जाने के लिए घर से निकला, लेकिन बुधवार की सुबह करीब 8 बजे वह जंक्शन के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद उसने अपने परिजनों को फोन कर साफ तौर पर कह दिया कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। उसने यह भी धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा। इस बीच उसने सुबह करीब 11 बजे 112 नंबर पर कॉल कर खुद ही मोबाइल टावर पर चढ़ने की जानकारी दी।
पहले तो पुलिस को उसकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ। लेकिन सूचना के आधार पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तब युवक को मोबाइल टावर पर चढ़ा देख हैरान रह गई। युवक की बस एक ही रट थी कि मेरी गर्लफ्रेंड को यहां बुलाओ, वरना मैं नीचे नहीं उतरूंगा। ऐसे में प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि युवक कहीं आवेश में आकर कोई गलत कदम न उठा ले।
नीचे फायर ब्रिगेड की टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। हर कोई बस यही दुआ कर रहा था कि यह ‘इश्क का भूत’ किसी अनहोनी में न बदल जाए। पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर किसी तरह उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की। हालांकि मां-बाप और काजी मोहम्मदपुर थाने के थानाध्यक्ष नवलेश आजाद के समझाने बुझाने के बाद सनकी आशिक टावर से नीचे उतरा। उसके नीचे उतरने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

