बिहारः विपक्षी गठबंधन इंडिया पोस्टर से जदयू अध्यक्ष ललन सिंह और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव गायब, पोस्टर देख भड़के, सामने ही हटवाया
By एस पी सिन्हा | Updated: September 6, 2023 18:53 IST2023-09-06T18:52:18+5:302023-09-06T18:53:00+5:30
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव इस पोस्टर से गायब थे। कुछ मिनट के भीतर ही पोस्टर हटवा दिया गया।

photo-lokmat
पटनाः बिहार की राजधानी पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय के प्रेस वार्ता कक्ष में लगे विपक्षी गठबंधन इंडिया के पोस्टर पर विवाद शुरू हो गया। इस पोस्टर को देखते ही जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भड़क गये, जिसके बाद पोस्टर को हटाया गया। दरअसल, इंडिया गठबंधनके इस पोस्टर में तमाम विपक्षी दलों के नेताओं को जगह दी गई थी।
लेकिन जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव इस पोस्टर से गायब थे। ऐसे में पोस्टर को देखते ही ललन सिंह भड़क गए, जिसके बाद कुछ मिनट के भीतर ही पोस्टर हटवा दिया गया।
इंडिया के पोस्टर के बैकग्राउंड में संसद की तस्वीर लगी नजर आ रही थी, जबकि पोस्टर के सेंटर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे, जिनके बाईं ओर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और दाईं ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे थे। इनके आसपास गठबंधन के अन्य नेताओं की तस्वीरें लगी थीं।
