भागलपुरः दूल्हे की ज्यादा उम्र देख दुल्हन ने शादी से किया इंकार, बारात के साथ बैरंग वापस लौटे बाराती
By एस पी सिन्हा | Updated: May 17, 2023 17:15 IST2023-05-17T17:14:29+5:302023-05-17T17:15:12+5:30
बिहार में भागलपुर जिले के कहलगांव थाना इलाके के रसलपुर का मामला है। परिवार वालों ने दुल्हन को मनाने की कोशिश की, लेकिन शादी के लिए राजी नहीं हुई।

दुल्हन का कहना था कि दूल्हे की उम्र ज्यादा लगती है और रंग भी सावला है।
पटनाः बिहार में भागलपुर जिले के कहलगांव थाना इलाके के रसलपुर से एक अजीब मामला सामने आया है, जहां वरमाला पहनने के वक्त दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद जमकर विवाद हो गया। परिवार वालों ने दुल्हन को मनाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई।
ऐसे में यहां कहा जाने लगा है कि अब गांव की लड़कियां भी शादी लेकर अपने पसंद नापसंद बताने लगी हैं। बताया जा रहा है कि दूल्हे की ज्यादा उम्र देख दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया और दूल्हे को बारात के साथ बैरंग वापस लौट गई। दुल्हन का कहना था कि दूल्हे की उम्र ज्यादा लगती है और रंग भी सावला है।
साथ ही दुल्हन का कहना है कि वह शराब के भी नशे में था। इसलिए शादी नहीं करना चाहती। जयमाला के वक्त दुल्हन ने दूल्हे को देखते ही शादी से इनकार कर दी और वहां से अपने कमरे में चली गई। यह देख वहां मौजूद सभी हैरान रह गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वहीं, लड़की के पिता ने कहा कि सारी तैयारियां हो गई थीं। जिसके बाद समधी मिलन भी हो गया था। जयमाला के स्टेज पर मेरी बेटी ने दूल्हे को जैसे ही देखा, शादी से इनकार कर दिया। उसने न तो दूल्हे को तिलक किया और न ही वरमाला गले में डाली। जिसके बाद दूल्हे को बिना शादी के ही लौटना पड़ा। हमें सभी नहीं पता कि मेरी बेटी ने ऐसा क्यों किया?