Bharat Bandh Live: Delhi से Punjab तक 31 जगह Rail Track पर बैठे किसान, Ghazipur-Tikari border जाम
By गुणातीत ओझा | Updated: March 26, 2021 14:14 IST2021-03-26T14:13:38+5:302021-03-26T14:14:27+5:30
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को आज चार महीने हो गए हैं। आंदोलन के चार महीने पूरे होन पर किसानों संगठनों ने आज पूरे भारत में बंद का ऐलान किया है। बंद का असर सुबह से ही देखने को मिल रहा है। कई राज्यों में किसानों का प्रदर्शन बंद के तहत शुरू हो चुका है। राजधानी दिल्ली के आसपास कई इलाकों में किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने गाजीपुर के पास NH 24 बंद कर दिया है। बीच में पुलिस ने ये रास्ता खोला था। किसानों के रास्ते बंद करने के बाद पुलिस ने भी बैरीकेड लगा दिए हैं। दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, एनएच-24 पर गाजीपुर बॉर्डर पर यातायात बंद कर दिया गया है। किसानों ने देश में 12 घंटे के लिए बंद आह्वान किया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। किसान नेताओं ने कहा है कि भारत बंद में शामिल होने के लिए किसी से जबरदस्ती नहीं की जाएगी। आज के भारत बंद पर भारतीय किसान यूनियन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि हमारे आंदोलन को लगभग चार महीने पूरे होने जा रहे हैं। भारत बंद में हमें लोगों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्टर का सहयोग मिल रहा है। इससे सरकार को संदेश जाएगा। हम वार्ता के लिए 24 घंटे तैयार हैं।

















