Jio निकला फिर सबसे आगे, इस मामले में Airtel, Vodafone को छोड़ा पीछे
By जोयिता भट्टाचार्या | Updated: August 20, 2019 15:37 IST2019-08-20T15:30:26+5:302019-08-20T15:37:24+5:30
वोडाफोन आइडिया ने इस दौरान 41.45 लाख यूजर्स गंवाए जबकि भारती एयरटेल को 29,883 ग्राहकों का नुकसान उठाना पड़ा।

Reliance Jio add 8.26 million new user in June
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के हालिया आंकड़े के मुताबिक जून में भारती एयरटेल (Airtel) और वोडाफोन आइडिया के यूजर्स की संख्या में संयुक्त रूप से 41.75 लाख की कमी दर्ज की गयी। हालांकि, प्रतिद्वंद्वी रिलायंस जियो (Reliance Jio) ने इस महीने में 82.6 लाख नये यूजर्स जोड़े हैं।
कुल-मिलाकर 38.34 करोड़ यूजर्स के साथ वोडाफोन आइडिया अब भी देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी बनी हुई है। वहीं, 33.12 करोड़ यूजर्स के साथ जियो दूसरे एवं 32.03 करोड़ यूजर्स के साथ भारती एयरटेल तीसरे स्थान पर बनी रही।
वोडाफोन आइडिया ने इस दौरान 41.45 लाख यूजर्स गंवाए जबकि भारती एयरटेल को 29,883 ग्राहकों का नुकसान उठाना पड़ा। ट्राई के आंकड़े के मुताबिक जून में जियो इस्तेमाल करने वालों की संख्या में 82.68 लाख की बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी, जो मई के 81.80 लाख के आंकड़े से अधिक है।
दूसरी ओर तमाम वित्तीय एवं परिचालन संबंधी दिक्कतों के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के यूजर्स की संख्या में जून में बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। जून में बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या में 2.66 लाख का इजाफा दर्ज किया गया।