Surya Gochar 2022 April: मेष राशि में सूर्य ग्रह ने किया प्रवेश, इन 5 राशियों की एक माह तक कटने वाली है चांदी
By रुस्तम राणा | Updated: April 14, 2022 14:32 IST2022-04-14T14:29:07+5:302022-04-14T14:32:06+5:30
सूर्य का मेष राशि में आना, मेष संक्रांति कहलाता है। इसे सौर वर्ष का प्रारंभ भी माना जाता है। मेष राशि में सूर्य देव बेहद शक्तिशाली माने जाते हैं।

Surya Gochar 2022 April: मेष राशि में सूर्य ग्रह ने किया प्रवेश, इन 5 राशियों की एक माह तक कटने वाली है चांदी
सूर्य ग्रह ने आज मेष राशि में प्रवेश किया है। इस राशि में सूर्य एक माह तक रहने वाले हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य का मेष राशि में आना, मेष संक्रांति कहलाता है। इसे सौर वर्ष का प्रारंभ भी माना जाता है। मेष राशि में सूर्य देव बेहद शक्तिशाली माने जाते हैं। यह सूर्य ग्रह की उच्च राशि मानी जाती है। हालांकि सूर्य के मेष राशि में आने से जहां कुछ राशियों को लाभ तो कुछ राशि के जातकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन इन 5 राशियों पर सूर्य के इस गोचर का बेहद शुभ प्रभाव पड़ने वाला है।
सूर्य ग्रह के मेष राशि में गोचर से इन राशियों को होगा लाभ
मेष: सूर्य का गोचर आपके लिए लाभकारी सिद्ध होगा। आपको समाज में मान-सम्मान प्राप्त होगा। सरकारी नौकरी के योग बनेंगे। शासन सत्ता का खूब लाभ मिलेगा। आपकी लीडरशिप का लोग लोहा मानेंगे।
मिथुन: इस दौरान जातकों को आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। विभिन्न स्रोतों से धन प्राप्त होगा, जिससे आपकी आमदनी बढ़ेगी। कार्यक्षेत्र में आपको मनोवांछित परिणाम प्राप्त होंगे। नौकरी-पेशा से जुड़े जातकों की तरक्की होगी। आपको किसी क्षेत्र में उपलब्धि मिलेगी।
कर्क: सूर्य देव का यह गोचर कार्यक्षेत्र में सफलता दिलाएगा। ऑफिस में आपकी तरक्की हो सकती है अथवा किसी अच्छी जगह आपका प्रमोशन हो सकता है। नौकरी की खोज करने वाले जातकों को इस अवधि में शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है। सरकारी नौकरी मिलने की संभावना है।
सिंह: इस अवधि में आपके सामाजिक जीवन में मान-सम्मान मिलेगा। कार्य के चलते यात्रा करना पड़ सकता है, जिसमें आपको सफलता मिलेगी। नौकरी के क्षेत्र में उच्च अधिकारियों से खूब लाभ मिलेगा। भाग्य का पहिया भी आपके अनुकूल चलेगा।
कुंभ: इस अवधि में आपके साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। खेलकूद में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। छोटे भाई-बहनों के साथ रिश्ते मधुर बनेंगे। कार्यक्षेत्र में आप शानदार प्रदर्शन करेंगे। आपकी प्रोडक्टिविटी में वृद्धि होगी। सीनियर्स आपके कार्य की तारीफ करेंगे।