Holi 2020: होलाष्टक शुरू, राधे रानी के गांव बरसाना में आज खेली जाएगी लड्डुओं की होली
By विनीत कुमार | Updated: March 3, 2020 11:45 IST2020-03-03T08:03:52+5:302020-03-03T11:45:16+5:30
Holi 2020: होलाष्टक की शुरुआत आज से हो रही है। इसका समापन 9 मार्च को होगा। इस बीच ब्रज क्षेत्र में होली का उत्सव भी शुरू हो चुका है। जानिए, कब कौन से होली मनाई जाएगी।

Holi 2020: ब्रज क्षेत्र में होली का उत्सव (फाइल फोटो)
Holi 2020: होली से 8 दिन पहले लगने वाले होलाष्टक की शुरुआत आज यानी 3 मार्च से हो चुकी है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार इन 8 दिनों में कोई भी शुभ या मांगलिक कार्य करने की मनाही होती है। होलाष्टक का समापन 9 मार्च को होलिका दहन के साथ हो जाएगा। होलाष्टक को लेकर पौराणिक कथा भी है जिसके अनुसार आज के दिन से ही भक्त प्रहलाद पर हिरण्यकश्यप ने अत्याचार शुरू किये थे।
वहीं, एक मान्यता ये भी है कि इस दिन से सभी सितारे और देवगण ब्रज भूमि में कान्हा की होली देखने में व्यस्त हो जाते हैं। इसलिए इन दिनों में शुभ कार्यों के शुभ फल नहीं मिल पाते। कहते हैं कि ब्रज की होली हजारों साल से सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। इसे हर कोई देखना चाहता है। इसकी शुरुआत होलाष्टक के ही पहले दिन से होती है। आईए, आज हम आपको बताते हैं कि इस बार किसी दिन कौन सी होली मनाई जाएगी।
Holi 2020: आज से ब्रज में होली
ब्रज क्षेत्र की पहली होली आज 3 मार्च को खेली जानी है। इस दिन राधा रानी के गांव बरसाना में लड्डुओं से होली खेली जाएगी। इस होली के बाद कल 4 मार्च को बरसाना गांव में नंदगांव के हुरयारों संग बरसाना की हुरयारिन लठमार होली खेलेंगी। 5 मार्च को नंदगांव में लठमार होली का आयोजन होगा।
इसके अलावा द्वारिकाधीश मंदिर में 10 मार्च को अबीर और गुलाल की होली खेली जाएगी। होली का त्योहार भी इस दिन है। इससे पहले 9 मार्च को मंदिर से होली का डोला नगर भ्रमण के लिए निकलेगा। गोकुल में 7 मार्च को छड़ीमार होली खेली जाएगी। वहीं, श्रीकृष्ण जन्मभूमि और बांके बिहारी मंदिर में 6 मार्च को होली का उत्सव है।