Basant Panchami 2026: बसंत पंचमी के मौके पर प्रयागराज पहुंचे श्रद्धालु, 1 करोड़ से ज्यादा भक्तों ने लगाई गंगा में डुबकी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 23, 2026 09:40 IST2026-01-23T09:39:27+5:302026-01-23T09:40:06+5:30
Basant Panchami 2026: प्रयागराज के माघ मेले में बसंत पंचमी उत्सव में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिन्होंने स्नान किया और वसंत ऋतु के आगमन का जश्न मनाया। प्रतिभागियों और तीर्थयात्रियों के लिए सुगम अनुभव सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छता सुविधाओं, सुरक्षा उपायों और आवास सहित विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

Basant Panchami 2026: बसंत पंचमी के मौके पर प्रयागराज पहुंचे श्रद्धालु, 1 करोड़ से ज्यादा भक्तों ने लगाई गंगा में डुबकी
Basant Panchami 2026: प्रयागराज में जारी माघ मेले में शुक्रवार को बसंत पंचमी स्नान पर्व पर सुबह आठ बजे तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि कल देर रात से ही लोगों का संगम क्षेत्र में आगमन जारी है और आज बसंत पंचमी पर सुबह आठ बजे तक 1.04 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई।
तीर्थ पुरोहित राजेंद्र मिश्रा ने कहा, ‘‘चूंकि प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का वास है, इसलिए यहां बसंत पंचमी स्नान का विशेष महत्व है। बसंत पंचमी पर पीला वस्त्र धारण करने, पीली वस्तुओं का दान करने और मां सरस्वती की पूजा का विधान है।’’
उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी के दिन से ही ऋतु परिवर्तन का एहसास जनमानस को होने लगता है और लोग गुलाल आदि लगाकर इसे उत्सव के रूप में मनाते हैं। मंडल आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि माघ मेले के लिए 800 हेक्टेयर क्षेत्र को सात सेक्टर में बांटा गया है और पूरे क्षेत्र में 25,000 से अधिक शौचालय बनाए गए हैं व 3500 से अधिक सफाईकर्मी तैनात हैं।
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आज तीर्थराज प्रयाग में त्रिवेणी में पुण्य स्नान का सौभाग्य प्राप्त कर रहे सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 23, 2026
पावन संगम में 'आस्था की डुबकी' सभी के लिए शुभ-फलदायी हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों, माँ गंगा से यही प्रार्थना है। pic.twitter.com/SStRrYqscz
उन्होंने बताया कि छोटी अवधि का कल्पवास करने के इच्छुक लोगों के लिए माघ मेला में टेंट सिटी बनाई गई है जहां ध्यान और योग आदि की सुविधाएं मौजूद हैं। पुलिस अधीक्षक (माघ मेला) नीरज पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 10,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं।