पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव की सोनिया और राहुल गांधी ने की जमकर सराहना, पोते ने पूछा- ऐसा करने के लिए क्यों लगे 16 साल
By रामदीप मिश्रा | Updated: July 25, 2020 10:11 IST2020-07-25T09:50:00+5:302020-07-25T10:11:43+5:30
पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव का जन्म 28 जून, 1921 को हुआ था और उनका निधन 23 दिसंबर, 2004 को हुआ। वह 21 जून, 1991 से 16 मई, 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

एनवी सुभाष ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर करारा हमला बोला।
हैदराबादः कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को समर्पित कांग्रेसी बताया और कहा कि पार्टी को उनकी उपलब्धियों एवं योगदान पर गर्व है। इस बीच नरसिम्हा राव के पोते व बीजेपी नेता एनवी सुभाष ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर करारा हमला बोला।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, एनवी सुभाष ने पूछा, उनके (पीवी नरसिम्हा राव) योगदान की सराहना करने के लिए कांग्रेस ने 16 साल क्यों लिए? सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कभी भी उनके जयंती/पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत नहीं की।
एनवी सुभाष की प्रतिक्रिया उस समय आई जब तेलंगाना कांग्रेस ने 24 जुलाई को नरसिंह राव का जन्म शताब्दी समारोह शुरू किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बस नाम के लिए समारोह का आयोजन किया तथा सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी ने कार्यक्रम के लिए बस संदेश भेज दिया जिससे पता चलता है कि कांग्रेस नेतृत्व पी वी नरसिंह राव और उनके जन्म शताब्दी समारोह के लिए छोटा कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कितना गंभीर है।
Why did Cong take 16yrs to appreciate his contributions? Sonia Gandhi&R.Gandhi never attended events held to mark his birth/death anniversary:NV Subhash,grandson of ex-PM PV Narasimha Rao&Telengana BJP leader on T'gana Cong organising events on birth centenary of PV Narasimha Rao pic.twitter.com/kilBc6uU5u
— ANI (@ANI) July 25, 2020
सुभाष ने सवाल किया कि कांग्रेस ने राव के निधन के बाद इतने सालों तक उनकी स्मृति में क्यों कोई एक भी कार्यक्रम आयोजित नही किया जिन्हें भारत में आर्थिक सुधारों का जनक कहा जाता है। इस समारोह का आयोजन कुछ नहीं बल्कि उनकी गुम धरोहर को अपना बताने की कांग्रेस की नौटंकी है राव केवल तेलंगाना के नहीं बल्कि पूरे भारत के प्रधानमंत्री थे, इसे ध्यान में रखकर कांग्रेस को जवाब देना होगा कि उसने लंबे समय तक उनकी उपेक्षा क्यों की। कांग्रेस आलाकमान को उनके आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक समिति गठित कर समारोह करना चाहिए।
इधर, तेलगाना कांग्रेस के अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी द्वारा पढ़कर सुनाए गए संदेश में सोनिया गांधी ने कहा, 'पीवी नरसिम्हा के कार्यकाल में देश ने कई राजनीतिक, सामाजिक और विदेश नीति की उपलब्धियां हासिल कीं। वह एक समर्पित कांग्रेसी थे जिन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में पार्टी की पूरे समर्पण के साथ सेवा की। पीवी नरसिम्हा राव का जन्म शताब्दी वर्ष हम सभी के लिए मौका है कि हम एक बहुत विद्वान व्यक्तित्व को याद करें और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में लंबा जीवन बिताने के बाद वह ऐसे समय देश के प्रधानमंत्री बने जब गंभीर आर्थिक संकट था।'
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि राव की उल्लेखनीय राजनीतिक यात्रा रही जो साहस और संकल्प को परिलिक्षित करता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदम्बरम और जयराम रमेश ने भी नरसिंह राव के साथ अपना जुड़ाव को याद किया। गौरतलब है कि राव का जन्म 28 जून, 1921 को हुआ था और उनका निधन 23 दिसंबर, 2004 को हुआ। वह 21 जून, 1991 से 16 मई, 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।