कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, चांदनी चौक से चार बार विधायक रहे प्रहलाद सिंह साहनी ने थामा केजरीवाल का हाथ
By रामदीप मिश्रा | Updated: October 6, 2019 13:50 IST2019-10-06T13:39:54+5:302019-10-06T13:50:02+5:30
दिल्ली में प्रहलाद सिंह साहनी ने आम आदमी पार्टी के मुखिया और सीएम केजरीवाल की उपस्थिति में पार्टी का दामन थामा है।

File Photo
कांग्रेस को रविवार (06 अक्टूबर) को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और चांदनी चौक से चार बार विधायक रहे प्रहलाद सिंह साहनी ने आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया है। कई दिनों से चर्चा चल रही थी कि साहनी कांग्रेस छोड़ने वाले हैं और आम आदमी पार्टी के साथ हाथ मिला सकते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में प्रहलाद सिंह साहनी ने आम आदमी पार्टी के मुखिया और सीएम केजरीवाल की उपस्थिति में पार्टी का दामन थामा है। बताया जा रहा था कि साहनी की नाराजगी इस बात से थी कि कांग्रेस उन्हें टिकट देने को लेकर आश्वासन नहीं दे रही थी, जिसके बाद उन्होंने दूसरे विकल्प की ओर जाना बेहतर समझा है।
Delhi: Senior Congress leader and former four term MLA from Chandni Chowk,Parlad Singh Sawhney joins Aam Aadmi Party in presence of CM Arvind Kejriwal pic.twitter.com/OTOj7VCeJD
— ANI (@ANI) October 6, 2019
खबरों की मानें तो कांग्रेस चांदनी चौक विधानसभा सीट से अलका लांबा को टिकट दे सकती है। वहीं, साहनी चाहते थे कि कांग्रेस उनके बेटे पूरनदीप सिंह साहनी को चांदनी चौक सीट से टिकट दे। इस बात को लेकर पार्टी से तकरार चल रही थी, जोकि अब खत्म हो चुकी है।
बता दें कि प्रहलाद सिंह साहनी ने चांदनी चौक सीट से 1998 में पहली बार जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्हें 2015 में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें आम आदमी पार्टी की नेता रहीं अलका लांबा ने हरा दिया था। उस समय अलका लांगा आम आदमी पार्टी के साथ थीं।