मध्य प्रदेश उपचुनाव: 2 बजे तक कोलारस में 25, मुंगावली में 30 फीसदी मतदान
By स्वाति सिंह | Updated: February 24, 2018 15:19 IST2018-02-24T15:08:19+5:302018-02-24T15:19:16+5:30
आज शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी. अभी तक कोलारस में 44% तो वहीं मुंगावली में 47% वोटिंग दर्ज हुई है।

मध्य प्रदेश उपचुनाव: 2 बजे तक कोलारस में 25, मुंगावली में 30 फीसदी मतदान
भोपाल, 24 फरवरी: मध्य प्रदेश के दो विधानसभा सीटों कोलारस और मुंगावली पर शनिवार को उपचुनाव हो रहे हैं।आज शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी. अभी तक कोलारस में 44% तो वहीं मुंगावली में 47% वोटिंग दर्ज हुई है। इन दोनों ही सीटों पर बीजेपी और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस का सीधा मुकाबला है। उधर, अशोकनगर कलेक्टर वीएस चौधरी ने शुक्रवार को मुंगावली से कांग्रेस कैंडिडेट बृजेंद्र सिंह यादव को क्लीनचिट दे दी। उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह को अपनी रिपोर्ट भेज दी है। पिछले विधानसभा चुनाव में कोलारस से कांग्रेस के रामसिंह यादव और मुंगावली से पार्टी के ही महेंद्र सिंह कालूखेड़ा ने जीत हासिल की थी। दोनों के निधन के कारण उपचुनाव हो रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर जिले के मुंगावली उप चुनाव के लिए मतदान सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक होगा।
आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, सुबह से मतदान की रफ्तार काफी तेज है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। सुबह 10 बजे तक जहां कोलारस में 16 और मुंगावली में 17 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, साढ़े 11 बजे तक मतदान बढ़कर 25 और 30 प्रतिशत पर पहुंच गया। साथ ही कोलारस में 15 और मुंगावली में 17 वीवीपेट मशीनों को बदलना पड़ा है।
मतदान के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र के दिगोर गांव में कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने स्थिति को संभाला। इसी तरह मतदान क्रमांक 56 में भी विवाद की खबर मिली है। चुनाव आयोग के निर्देश पर मुंगावली के थाना प्रभारी कुशल सिंह भदौरिया को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर रिशेश्वर सिंह को पदस्थ किया गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने कोलारस और मुंगावली क्षेत्र के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में आज सार्वजनिक अवकाश है।
कोलारस उप चुनाव में 22 तथा मुंगावली में 13 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। कोलारस में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के महेंद्र यादव और भाजपा के देवेंद्र जैन के बीच है। वहीं मुंगावली में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के बृजेंद्र यादव तथा बाई साहब के बीच है। कोलारस में सभी उम्मीदवार पुरुष तथा मुंगावली में 10 पुरुष एवं तीन महिला उम्मीदवार हैं। कोलारस निर्वाचन क्षेत्र के 2,44,457 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 1,30,697 पुरुष, 1,13,753 महिला और सात थर्ड जेंडर शामिल हैं। मुंगावली में 1,91,009 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1,02075 पुरुष, 88,933 महिला तथा एक थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
कोलारस और मुंगावली के 575 मतदान केंद्रों के लिए तीन हजार से अधिक मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 30-30 संवेदनशील मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग करवाई जा रही है। कोलारस में 311 में से 200 और मुंगावली में 264 में से 133 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। उप चुनाव में ईवीएम के साथ वीवीपेट मशीन भी लगाई गई है ताकि मतदाता देख सकें कि उन्होंने जो वोट दिया है वह सही है या नहीं। इसके लिए उन्हें सात सेकण्ड का समय मिलेगा। कोलारस में 835 और मुंगावली में 400 ईवीएम का उपयोग होगा। कोलारस में 440 और मुंगावली में 360 वीवीपेट लगाई गई हैं।
कोलारस और मुंगावली में सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। सभी मतदान-केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कोलारस में केंद्रीय अर्ध सैनिक बल की 10 कंपनी तैनात की गई हैं। मध्यप्रदेश एसएएफ की तीन कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस बल और होमगार्ड भी क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। मुंगावली में केन्द्रीय अर्ध सैनिक बल की आठ तथा एसएएफ की तीन कंपनी तैनात की गई हैं। यहां स्थानीय पुलिस बल और होमगार्ड की व्यवस्था अलग से की गई है।
(आईएएनएस इनपुट के साथ )