कर्नाटक: कांग्रेस ने किया दावा, 'सिद्धरमैया फिर से बन सकते हैं मुख्यमंत्री'

By भाषा | Updated: August 27, 2018 22:55 IST2018-08-27T22:55:18+5:302018-08-27T22:55:18+5:30

गौरतलब है कि शुक्रवार को हासन जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिद्धरमैया ने कथित तौर पर कहा था कि यदि लोगों को इच्छा हुई तो वह फिर से मुख्यमंत्री बन जाएंगे। 

Karnataka: Congress claims, 'Siddharamaya can be CM again' | कर्नाटक: कांग्रेस ने किया दावा, 'सिद्धरमैया फिर से बन सकते हैं मुख्यमंत्री'

कर्नाटक: कांग्रेस ने किया दावा, 'सिद्धरमैया फिर से बन सकते हैं मुख्यमंत्री'

बेंगलुरु, 27 अगस्त: कर्नाटक के कृषि मंत्री शिवशंकर रेड्डी ने रविवार को कहा कि सिद्धरमैया फिर से मुख्यमंत्री बन सकते हैं, बशर्ते कि गठबंधन साझेदार - कांग्रेस और जेडीएस समन्वय समिति की बैठक में इस बारे में फैसला करे।

सिद्धरमैया द्वारा फिर से मुख्यमंत्री बनने के बारे में टिप्पणी किए जाने पर कांग्रेस - जद (एस) गठबंधन के बीच सब कुछ ठीक नहीं रहने की अटकलों के तूल पकड़ने के कुछ दिनों बाद रेड्डी ने यह कहा है। 

राज्य में सरकार के भविष्य के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में रेड्डी ने कहा, ‘‘हम सब ने सिद्धरमैया के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि कांग्रेस के सत्ता में आने और उनके (सिद्धरमैया के) मुख्यमंत्री बनने की संभावना थी, पर यह सभी जानते हैं कि कुछ कारणों को लेकर हम बहुमत नहीं हासिल कर सकें। इसलिए, उन्होंने फिर से मुख्यमंत्री बनने का मौका गंवा दिया।’’ 

उन्होंने चामराजनगर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मान लीजिए कि दोनों पार्टियां (कांग्रेस और जद - एस) समन्वय समिति की बैठक में एक साथ बैठती है और किसी बदलाव के लिए कुछ फैसला लेती है, तब बदलाव होगा।’’ 

कांग्रेस विधायक और जेडीएस के पूर्व नेता चेलुवारया स्वामी ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भी सिद्धरमैया का समर्थन किया है और पूर्व मुख्यमंत्री को अलग - थलग करने की कोशिश करने वालों की आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘सिद्धरमैया को कोई भी अलग - थलग नहीं कर सकता। उनके पास नेतृत्व क्षमता है। कद्दावर शख्सियत वाले सिद्धरमैया ईमानदार हैं और उन्होंने काफी सारे अच्छे काम किए हैं। ’’ 

उन्होंने कहा कि जाति आधारित राजनीति के चलते चुनाव नतीजे प्रतिकूल रहे लेकिन सिद्धरमैया के पांच साल के शासनकाल ने देशभर में सराहना बटोरी। 

फिर से मुख्यमंत्री बनने से सिद्धरमैया को पार्टी के अंदर और बाहर अलग थलग किए जाने की कथित कोशिशों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सिद्धरमैया के नेतृत्व में कांग्रेस ने 80 सीटें हासिल की। पार्टी में उन पर कोई सवाल नहीं उठा है। 

गौरतलब है कि शुक्रवार को हासन जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिद्धरमैया ने कथित तौर पर कहा था कि यदि लोगों को इच्छा हुई तो वह फिर से मुख्यमंत्री बन जाएंगे। 

वहीं, सिद्धरमैया की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति मुख्यमंत्री बन सकता है।

Web Title: Karnataka: Congress claims, 'Siddharamaya can be CM again'

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे