Video: कांग्रेस के बागी विधायक विश्वेंद्र सिंह ने कहा- गीदड़ भभकियों से मैं डरने वाला नही हूं, लोकतंत्र का गला घोंट रही है गहलोत सरकार
By भाषा | Updated: July 21, 2020 04:54 IST2020-07-21T04:52:54+5:302020-07-21T04:54:25+5:30
कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि परसों तक मैं उनका कैबिनेट मंत्री था और आज मुझ पर एसओजी, एसीबी के केस लगा दिए गए हैं।

कांग्रेस विधायक विश्वेन्द्र सिंह (File Photo)
जयपुर: पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने सोमवार को आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। सिंह ने अपने बयान का एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा है, ‘'जिस तरीके से राजस्थान की सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है वह किसी से छुपी हुई बात नहीं।
परसों तक मैं उनका कैबिनेट मंत्री था और आज मुझ पर एसओजी, एसीबी के केस लगा दिए गए हैं।'’ सिंह ने आगे कहा, ‘'इन केसों का क्या अर्थ निकलता है, हमने कोई बेईमानी नहीं की। बेबाकी से बोलने वाला आदमी हूं, बेबाकी से बोलता रहूंगा। हमने पार्टी के खिलाफ कोई काम नहीं किया, न ही कर रहे हैं। केवल नेतृत्व बदलने की मांग हुई थी जो अब भी वही है।'’
बेबाकी से बोलने वाला आदमी हूँ,
— Vishvendra Singh Bharatpur (@vishvendrabtp) July 20, 2020
बेबाकी से बोलता रहूँगा
ऐसी गीदड़ भभकीयों से मैं डरने वाला नही हूँ।
आप सभी परिवारजनों से मेरी आपसे अपील है कि आप भ्रमित ना हो, भरतपुर राजपरिवार ने आपकी सेवा की है और हमेशा आपका प्यार एवं आशीर्वाद हमे मिलता रहा है, आगे भी इसी प्रकार बनाएं रखे। pic.twitter.com/tw9AA7xJtu
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने सिंह को अशोक गहलोत सरकार को गिराने की साजिश में शामिल होने के आरोप में पद से बर्खास्त कर दिया। सिंह व गुड़ा मालानी से विधायक हेमाराम चौधरी का वीडियो पायलट के प्रवक्ता के व्हाटसऐप ग्रुप में शेयर किया गया। चौधरी ने अपने बयान में कहा है कि पायलट के बारे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान से उन्हें आघात लगा है।
चौधरी के अनुसार गहलोत को अपने बौखलाहट भरे बयानों के लिए राजस्थान की जनता से माफी मांगनी चाहिए। वहीं भाजपा नेता व विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रहे पायलट व प्रतिपक्ष के नेताओं के लिए जिस प्रकार की अमर्यादित व असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं वो मुख्यमंत्री के पद की गरिमा को गिराने वाला है।