अमित शाह ने कहा-राफेल सौदे में चवन्नी तक का नहीं हुआ घोटाला, कांग्रेस पार्टी लगा रही है झूठे आरोप
By रामदीप मिश्रा | Updated: January 6, 2019 15:39 IST2019-01-06T15:39:06+5:302019-01-06T15:39:06+5:30
शाह ने कहा कि वर्षों तक देश में कांग्रेस की सरकारें चली लेकिन उन्होंने देश के गरीबों के स्वास्थ्य की कभी चिंता नहीं की, मोदी सरकार ने देश के 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य की सुरक्षा दी है।

अमित शाह ने कहा-राफेल सौदे में चवन्नी तक का नहीं हुआ घोटाला, कांग्रेस पार्टी लगा रही है झूठे आरोप
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार (6 जनवरी) को दादर एवं नागर हवेली के दौरे पर है, जहां उन्होंने सिल्वासा में कांग्रेस पार्टी पर राफेल मुद्दे पर झूठ बोलने और गरीबों के स्वास्थ्य की कोई चिंता न करने को लेकर निशाना साधा। साथ ही साथ कांग्रेस को घोटाला करने वाली पार्टी करार दिया है।
उन्होंने कहा कि राफेल सौदे में चवन्नी तक का घोटाला नहीं है, कांग्रेस पार्टी झूठे आरोप लगा रही है और कल देश की रक्षा मंत्री ने देश की संसद में कांग्रेस के सभी आरोपों को झूठा भी साबित कर दिया है।
शाह ने कहा कि वर्षों तक देश में कांग्रेस की सरकारें चली लेकिन उन्होंने देश के गरीबों के स्वास्थ्य की कभी चिंता नहीं की, मोदी सरकार ने देश के 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य की सुरक्षा दी है।
उन्होंने कहा कि पिछले 4.5 साल में मोदी सरकार ने देश के हर क्षेत्र में काम करने का काम किया है। देश की सुरक्षा को सुनिश्चित करने का काम और देश का गौरव बढ़ाने का काम हमने किया है। हमारे लिए भारत माता की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है, उसके बाद हमारे लिए चुनाव जीतना आता है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि देश में एक के बाद एक घोटाला करने वाली कांग्रेस पार्टी आज हम पर आरोप लगा रही है, लेकिन देश की जनता सब जानती है वो कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है। देश को मोदी जी के नेतृत्व वाली मजबूत सरकार चाहिए नाकि कोई मजबूर सरकार।