Madhya Pradesh political drama: सीएम कमलनाथ बोले, माफिया की मदद ले रही भाजपा, हमारे पास पूर्ण बहुमत है
By भाषा | Updated: March 4, 2020 17:41 IST2020-03-04T17:16:59+5:302020-03-04T17:41:07+5:30
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुधवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि पिछले कई दिन से वह माफिया के साथ मिलकर प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य की कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है।

भाजपा माफिया के धनबल के दम पर षड्यंत्र रच कर अलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में आने का मंसूबा पाल रही है।
भोपालः मध्य प्रदेश के CM कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा माफिया की मदद से कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की असफल कोशिशें कर रही है। विधानसभा में हमारे पास पूर्ण बहुमत है। हमने स्पीकर, डिप्टी स्पीकर के चुनाव से और बजट पारित कर मध्य प्रदेश में अपना बहुमत साबित किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुधवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि पिछले कई दिन से वह माफिया के साथ मिलकर प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य की कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा के जरिए मीडिया को जारी बयान में कमलनाथ ने आज कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी पिछले कई दिन से माफिया के साथ मिलकर राज्य की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास कर रही है। हमें हमारे सभी विधायकों पर पूरा विश्वास है, उनकी निष्ठा- ईमानदारी पर हमें कोई संदेह नहीं है।’’
प्रदेश सरकार के पास पूर्ण बहुमत का दावा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इसे हमने विधानसभा में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव में और बजट पारित करवा कर साबित किया है। भाजपा को हर बार मुंह की खानी पड़ी है। हर बार की तरह इस बार भी भाजपा के मंसूबे मुंगेरीलाल के सपने ही साबित होंगे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार भाजपा के संरक्षण में पिछले 15 साल में पनपे भू-माफिया, संगठित अपराध माफिया और नकली दवा व्यापार के खिलाफ जो अभियान चला रही है वह भाजपा को रास नहीं आ रहा है। भाजपा माफिया के धनबल के दम पर षड्यंत्र रच कर अलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में आने का मंसूबा पाल रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र में विश्वास नहीं है, उनका विश्वास षड्यंत्र और धनबल में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा सहित कई राज्यों में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की हत्या करने का काम किया है। वह मध्य प्रदेश में भी वही दोहराना चाहती है।
कमलनाथ ने कहा कि भाजपा को डर है कि किसानों की कर्जमाफी, बेरोजगारों को रोजगार देने की कोशिशों और प्रदेश में बढ़ते निवेश से उसका जनाधार निरंतर खिसक रहा है। वह डर रही है कि अगले पांच साल में अपनी उपलब्धियों के बूते पर कांग्रेस जनता का विश्वास फिर से हासिल कर लेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की तस्वीर बदलना, माफिया मुक्त बनाना और प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना हमारा लक्ष्य है। प्रदेशवासी इस सच्चाई को जानते हैं और भाजपा के इन कृत्यों को देख रहे हैं। वक्त आने पर इसका जवाब भी देंगे।
Madhya Pradesh CM Kamal Nath: BJP with the help of mafias has been unsuccessfully trying to destabilize the Congress government in Madhya Pradesh. We have a full majority in the assembly which we have proved during the passage of budget & election of Speaker & Deputy Speaker. https://t.co/cdZ9JW0fRwpic.twitter.com/5bPJYLqgvG
— ANI (@ANI) March 4, 2020