कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख का जेटली पर पलटवार, कहा- क्या आप मोदी को तानाशाह कह रहे हैं?
By भाषा | Updated: May 15, 2019 05:31 IST2019-05-15T05:31:05+5:302019-05-15T05:31:05+5:30
जेटली ने प्रियंका की गिरफ्तारी को लेकर ममता बनर्जी की तुलना तानाशाह से करते हुए कहा कि ऐसे लोग खुद पर हंसने वालों को पसंद नहीं करते।

File Photo
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़ा मीम शेयर करने पर भाजपा कार्यकर्ता प्रियंका शर्मा की गिरफ्तारी के बाद वित्त मंत्री अरूण जेटली द्वारा ममता की तुलना तानाशाह से किए जाने के बाद उन पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख दिव्या स्पंदना ने सवाल किया कि क्या जेटली प्रधानमंत्री मोदी को तानाशाह कह रहे हैं?
दरअसल, जेटली ने प्रियंका की गिरफ्तारी को लेकर ममता बनर्जी की तुलना तानाशाह से करते हुए कहा कि ऐसे लोग खुद पर हंसने वालों को पसंद नहीं करते। जेटली ने ट्वीट कर कहा, ‘‘स्वतंत्र समाज में हास्य, व्यंग्य होता है। निरंकुश शासन में इसकी कोई जगह नहीं है। तानाशाह लोगों पर हंसते हैं। वे खुद पर लोगों का हंसना पंसद नहीं करते। आज बंगाल में यही मामला है।’’
जेटली के ट्वीट पर दिव्या ने कहा, ‘‘जेटली जी, मैं आपसे सहमत हूं लेकिन मोदी का मीम शेयर करने के लिए मुझ पर राष्ट्रद्रोह क्यों लगाया गया? क्या आप मोदी को तानाशाह कह रहे हैं?’’ उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को शर्मा को जमानत पर तत्काल रिहा किये जाने का निर्देश दिया और उन्हें मीम साझा करने के लिए जेल से रिहा होते समय लिखित माफी मांगने को भी कहा।