आम आदमी पार्टी ने कुमार पर नहीं जताया विश्वास, राज्यसभा के लिए इन तीन नामों पर मुहर
By आदित्य द्विवेदी | Updated: January 3, 2018 13:51 IST2018-01-03T13:41:53+5:302018-01-03T13:51:46+5:30
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके राज्यसभा के उम्मीदवारों की घोषणा की

आम आदमी पार्टी ने कुमार पर नहीं जताया विश्वास, राज्यसभा के लिए इन तीन नामों पर मुहर
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पिछले एक महीने से जारी इस दौड़ में संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और सुशील गुप्ता ने बाजी मारी है। मनीष सिसौदिया ने बताया कि पीएसी की बैठक में सभी की सहमति से ये तीन नाम तय किए गए हैं। कुमार विश्वास और आशुतोष को भी राज्यसभा के लिए एक मजबूत दावेदार माना जा रहा था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नामों की घोषणा करते हुए मनीष सिसौदिया ने बताया कि संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से अपना सफर शुरू किया और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ी है। एनडी गुप्ता के बारे में मनीष सिसौदिया ने कहा कि ये चार्टर्ड एकाउंटेंट एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट रहे हैं। सुशील गुप्ता शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े हैं। दिल्ली और हरियाणा के 14 जिलों में इनके स्कूल और हॉस्पिटल चलाते हैं।
Sanjay Singh, Narayan Das Gupta & Sushil Gupta and to be Aam Aadmi Party's (AAP) Rajya Sabha nominees, announces Manish Sisodia pic.twitter.com/OPFzVxCQD5
— ANI (@ANI) January 3, 2018
पार्टी के बागी नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के लिए बाप बड़ा ना भैया सबसे बड़ा रुपैया है। उन्होंने राज्यसभा की सीटें पैसे के लिए बेच दी। आम आदमी पार्टी का ये फैसला कुमार विश्वास के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। कुमार के समर्थन में हार्दिक पटेल और इरफान हबीब समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने भी ट्वीट किया था।
इन नामों पर हुआ मंथन
पिछले कुछ दिनों से राज्यसभा के लिए कई नामों की चर्चा थी। इनमें से प्रमुख हैं...
कुमार विश्वासः आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य। मशहूर कवि। युवाओं में लोकप्रिय।
आशुतोषः पत्रकार छोड़ आम आदमी पार्टी ज्वॉइन की। वर्तमान में राष्ट्रीय प्रवक्ता।
संजय सिंहः एनजीओ छोड़कर राजनीति में आए। केजरीवाल के शुरुआती साथियों में शुमार। बाजी मारी।
दुर्गेश पाठकः अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी। आईएएस की तैयारी कर रहे थे और सीधे पार्टी ज्वॉइन की।
मीरा सान्याल: आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं।
इमरान प्रतापगढ़ीः मशहूर शायर और युवाओं में लोकप्रिय।
अरुण शौरीः पत्रकारिता से राजनीति में आए। बीजेपी से जुड़े रहे हैं अब आम आदमी पार्टी से नजदीकी।
नारायण दास गुप्ताः चॉर्टर्ड अकॉउंट ऑफ इंडिया के वाइस चेयरमैन रहे हैं। बाजी मारी।
सुशील गुप्ताः समाजसेवी। दिल्ली में कई स्कूल और अस्पताल चलाते हैं। बाजी मारी।
