शेयर बाजार में बुधवार को उछाल, सेंसेक्स 179 अंक से अधिक चढ़ा
By संदीप दाहिमा | Updated: October 12, 2022 14:35 IST2022-10-12T14:13:54+5:302022-10-12T14:35:11+5:30

वैश्विक बाजारों में कमजोर रूख के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी, धातु तथा ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली की वजह से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को उछाल आया और इस दौरान सेंसेक्स 179 अंक से अधिक चढ़ गया।

तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद बुधवार को 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स ने सकारात्मक शुरुआत की और यह 179.53 अंक चढ़कर 57,326.85 पर पहुंच गया।

व्यापक एनएसई निफ्टी 52.75 अंक बढ़कर 17,036.30 पर था। सेंसेक्स में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, पॉवर ग्रिड, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, विप्रो, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।

दूसरी ओर एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल में गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार मिलेजुले रूख के साथ बंद हुए।

















