टोक्यो ओलंपिक: भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार तीसरी हार, ब्रिटेन ने 4-1 से दी मात

By विनीत कुमार | Updated: July 28, 2021 08:49 IST2021-07-28T08:26:19+5:302021-07-28T08:49:08+5:30

टोक्यो ओलंपिक के महिला हॉकी में भारतीय टीम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा है। पूल-ए में भारतीय महिला टीम की ये लगातार तीसरी हार है।

Tokyo Olympics 2020: Britain beat Indian women hockey team in pool match | टोक्यो ओलंपिक: भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार तीसरी हार, ब्रिटेन ने 4-1 से दी मात

टोक्यो ओलंपिक: हॉकी में भारतीय महिला टीम की हार (फाइल फोटो)

Highlightsभारतीय महिला हॉकी टीम की पूल-ए में लगातार तीसरी हार।भारत छह टीमों के पूल में पांचवें स्थान पर है, क्वॉर्टर फाइनल की उम्मीद बरकरार रखने के लिए जीतने होंगे बाकी मैच।भारतीय महिला टीम अब अपने अगले मुकाबले में 30 जुलाई को आयरलैंड से भिड़ेगी।

टोक्यो: भारतीय महिला हॉकी टीम का टोक्यो ओलंपिक में निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। महिला टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। ग्रेट ब्रिटेन की टीम ने बुधवार को भारतीय महिला हॉकी टीम को 4-1 से करारी शिकस्त दी। भारतीय महिला हॉकी टीम अब अपने पूल-ए में दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ दो और मैच खेलेगी। 

बहरहाल, गत चैंपियन ब्रिटेन की ओर से मुकाबले में हेना मार्टिन (दूसरे और 19वें मिनट) ने दो जबकि लिली आउस्ले (42वें मिनट) और ग्रेस बाल्सडन (57वें मिनट) ने एक-एक गोल दागा। भारत की ओर से एकमात्र गोल शर्मिला देवी (23वें मिनट) ने किया। भारत को इससे पहले विश्व में नंबर एक नीदरलैंड के खिलाफ 1-5 और जर्मनी के खिलाफ 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी।

भारतीय टीम को अभी भी जीत का इंतजार

भारतीय महिला टीम को पूल ए में अपने अंकों का खाता खुलने का अब भी इंतजार है। भारत छह टीमों के पूल में पांचवें स्थान पर है। टीम को अगर क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को बरकरार रखना है तो अपने अंतिम दो मैचों में आयरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। 

टूर्नामेंट में धीमी शुरुआत करने वाली विश्व में पांचवें नंबर की ग्रेट ब्रिटेन की टीम ने जर्मनी के खिलाफ 1-2 की हार से शुरुआत करने के बाद लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम के तीन मैचों में छह अंक हो गए हैं।  भारत अपने अगले मुकाबले में 30 जुलाई को आयरलैंड से भिड़ेगा। 

वहीं, टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन से अच्छी खबर आई है। भारतीय महिला शटलर पीवी सिंधु ने ग्रुप 'जे' के महिला एकल के मुकाबले में हॉन्गकॉन्ग की चीयूंग नगन यी के खिलाफ 21-9, 21-16 से जीत दर्ज की।

(भाषा इनपुट के साथ)

Web Title: Tokyo Olympics 2020: Britain beat Indian women hockey team in pool match

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे