खेल मंत्री ने ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0’ लॉन्च की
By भाषा | Updated: August 13, 2021 13:21 IST2021-08-13T13:21:06+5:302021-08-13T13:21:06+5:30

खेल मंत्री ने ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0’ लॉन्च की
नयी दिल्ली, 13 अगस्त खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0’ के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत की।
यह दौड़ 15 अगस्त से शुरू होकर दो अक्टूबर तक चलेगी।
ठाकुर ने यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में कार्यक्रम को हरी झंडी दिखायी।
यहां जारी विज्ञप्ति में ठाकुर ने कहा, ‘‘ इस दौड़ का आयोजन देश भर में 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर किया जायेगा जो इसे आगे देश के लगभग 750 जिलों के 75 गांवों में ले जाएगा। इसके साथ ही हमारा लक्ष्य देश भर के 7.50 करोड़ से अधिक युवाओं और नागरिकों तक पहुंचना है।’’
यह कार्यक्रम देश भर में 75 स्थानों पर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें पोर्ट ब्लेयर में सेलुलर जेल, लाहौल स्पीति में काजा पोस्ट, मुंबई का ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ और पंजाब में अटारी बॉर्डर जैसे प्रतिष्ठित स्थान शामिल है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।