लाइव न्यूज़ :

सिंधु को स्विस ओपन के एकतरफा फाइनल में मारिन ने हराया

By भाषा | Updated: March 7, 2021 22:22 IST

Open in App

बासेल, सात मार्च विश्व चैम्पियन पीवी सिंधु को स्विस ओपन के फाइनल में रविवार को यहां ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता कैरोलिना मारिन ने एकतरफा मुकाबले में शिकस्त दी।

पच्चीस साल की भारतीय खिलाड़ी के पास मारिन की फुर्ती और सटीक खेल का कोई जवाब नहीं था। स्पेन की इस खिलाड़ी ने सिंधु को सिर्फ 35 मिनट में 21-12, 21-5 से मात दी।

दूसरी वरीयता प्राप्त सिंधु की यह मारिन के खिलाफ लगातार तीसरी हार है। मारिन ने इससे पहले थाईलैंड में आयोजित दोनों सुपर 1000 स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया था। वह एचएसबीसी बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में उपविजेता रही थी। इस जीत से विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज मारिन ने साल का अपना तीसरा खिताब उठाया।

विश्व रैंकिंग में सातवें पायदान पर काबिज सिंधु पिछले 18 महीने में अपना पहला फाइनल मुकाबला खेल रही थी। इस मैच से पहले विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी के खिलाफ 13 मैचों में उन्होंने पांच में जीत दर्ज की थी।

सिंधु ने पिछले चार मैचों में एक भी गेम नहीं गंवाया था लेकिन वह मारिन के खिलाफ दबाव में इस लय को बरकरार नहीं रख सकी।

मारिन ने रियो ओलंपिक (2016) के फाइनल में भी सिंधु को हराया था।

मारिन ने यहां 2-0 की बढ़त के शुरूआत की लेकिन सिंधु ने वापसी करते हुए अपनी बढ़त को 6-4 कर लिया। पूरे मुकाबले में यही एक समय था जब सिंधु के पास बढ़त थी।

सिंधु के शॉट पर शटल कई बार नेट से टकराई जिससे मारिन को गेम में वापसी का मौका मिला और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सिंधु ने इस दौरान कुछ असहज गल्तियां कर दी जिससे मारिन की बढ़त 9-6 और फिर 11-8 हो गयी।

उन्होंने इसके बाद अपनी खेल की गति बढ़ा दी जिसका सिंधु के पास कोई जवाब नहीं था। मारिन ने 21-12 के बड़े अंतर से पहले गेम को अपने नाम किया।

मारिन इस लय को दूसरे गेम में भी बरकरार रखने में सफल रही जिसकी शुरुआत उन्होंने 5-0 की बढ़त से की लेकिन नेट पर हुई गलती के बाद सिंधु को सर्विस करने का मौका मिला। वह इसका फायदा उठाने में नकाम रही।

मारिन जब 8-2 से आगे थी तब सिंधु ने अपने रैकेट को बदला लेकिन इससे भी उनकी किस्मत नहीं बदली और इंटरवल तक वह 2-11 से पीछे हो गयी।

स्पेन की इस अनुभवी खिलाड़ी ने अपना दबदबा कायम रखते हुए स्कोर को 18-3 किया और फिर 20-5 करने के बाद क्रास-कोर्ट शॉट लगाकर मैच अपने नाम कर लिया।

पिछले कुछ महीने से लंदन में अभ्यास कर रही सिंधु ने कोविड-19 दौर में लंबे समय तक खेल से दूर रहने के बाद इस साल जनवरी में प्रतिस्पर्धी बैडमिंटन में वापसी की।

वह योनेक्स थाईलैंड ओपन के पहले दौर में हार कर बाहर हो गयी थी जबकि टोयोटा थाईलैंड ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। सिंधु इसके बाद विश्व टूर फाइनल में ग्रुप चरण के तीन में से दो मैचों में हारकर नॉकआउट दौर में जगह बनाने में नाकाम रहीं थी।

सिंधु अब 17 से 21 मार्च तक 8,50,000 डॉलर इनामी ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में प्रतिस्पर्धा करेंगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्ट27 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी धोखाधड़ी, मेरठ और बहराइच में एक्शन, वसीम अकरम, शुभम गुप्ता और नेक आलम अरेस्ट

कारोबारपश्चिम एशिया युद्ध के बीच जमकर गाड़ी खरीद कर लोग?, 2025-26 में 13.3 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 2,96,71,064?, जानिए दोपहिया वाहनों की संख्या

क्रिकेटएक था जो विकेट के पीछे?, जितेश शर्मा के शानदार प्रदर्शन के बाद आरसीबी ने धोनी पर किया कटाक्ष, वीडियो

भारतपाकिस्तानी सोशल मीडिया की झूठी जानकारी का इस्तेमाल कर पत्नी पर आरोप, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात?

क्राइम अलर्टबास्केटबॉल हुप पर पुल-अप्स कर रहे थे समुद्री इंजीनियरिंग संस्थान में 20 वर्षीय कैडेट विशाल वर्मा?, बैकबोर्ड गिरने से मौत

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलपुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान, मैदान में फिर भिड़ेंगी दोनों टीमें; जानें कब और कहाँ होगा महामुकाबला

अन्य खेलकश्मीर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गुलमर्ग छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के लिए तैयार

अन्य खेलएथलीट पीटी उषा के पति का निधन, 67 की उम्र में वी श्रीनिवासन ने ली अंतिम सांस

अन्य खेलतेजी से बदलती दुनिया में निजता का गंभीर सवाल...!

अन्य खेलविंटर ओलंपिक: बर्फ-गर्मी के बीच मुकाबला!