लाइव न्यूज़ :

पेरिस ओलंपिक 2024 है अगला लक्ष्य, तोक्यो ओलंपिक से बाहर होने के बाद शरत कमल ने कहा

By भाषा | Updated: July 27, 2021 20:56 IST

Open in App

तोक्यो, 27 जुलाई तोक्यो ओलंपिक में चीनी धुरंधर मा लोंग को कड़ी टक्कर देने के बाद हारकर बाहर हुए भारत के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल ने कहा कि अब उनका लक्ष्य 2024 में पेरिस में होने वाले ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना है।

ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी कि चार बार के ओलंपियन शरत का यह आखिरी ओलंपिक था ।

39 साल के इस खिलाड़ी ने अपने इंस्टाग्राम लाइव पर कहा कि इस प्रदर्शन के बाद खेल को जारी रखने को लेकर उनका हौसला बढ़ा है और अब उनका लक्ष्य तीन साल बाद पेरिस में होने वाले ओलंपिक में पदक जीतना है। फिलहाल वह अपनी ऊर्जा अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों लगाना चाहते है।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर ओलंपिक के दौरान हौसला बढ़ने के लिए प्रशंसकों को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अब मेरा ध्यान अगले साल आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में बेहतर प्रदर्शन के साथ तीन साल के बाद होने वाले पेरिस ओलंपिक में पदक के सपने को पूरा करने का है।’’

उन्होंने इस ओलंपिक में मनिका बत्रा और सुतिर्था मुखर्जी के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारतीय टेबल टेनिस का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है लेकिन अभी सर्वश्रेष्ठ परिणाम आना बाकी है।

शरत ने कहा, ‘‘हम इस प्रतियोगिता में ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाये लेकिन हमारा प्रदर्शन कमाल का रहा। इससे युवा खिलाड़ियों का हौसला जरूर बढ़ेगा। मुझे यकीन है कि हम भविष्य में इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन करेंगे।’’

उन्होंने मा लोंग के खिलाफ शिकस्त के बावजूद कहा कि दो दशक लंबे अपने करियर के दौरान यह उनका सर्वश्रेष्ठ मैच था।

चीन के दिग्गज खिलाड़ी के खिलाफ राउंड आफ 32 मुकाबले में प्रदर्शन से शरत को यकीन हो गया है कि वह पेरिस ओलंपिक में भी हिस्सा ले पाएंगे।

दुनिया के 32वें नंबर के खिलाड़ी शरत ने इससे पहले पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘मैंने सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया और यह मेरे सर्वश्रेष्ठ ओलंपिक खेल थे, सिर्फ मैं जिस तरीके से खेला उसके कारण। मैं यहां अगर किसी चीज को बदलना चाहूंगा तो वह ड्रॉ है। अगर इस स्थिति में कोई (मा लोंग के अलावा) और होता तो मेरे पास क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने का वास्तविक मौका होता।’’

शरत स्वयं भी हैरान हैं कि वह सटीक और तेजतर्रार फोरहैंड और बैकहैंड विनर लगाने में सफल रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उस पर जिस तरह का दबाव डालने में सफल रहा उससे मैंने उसे लगभग हरा ही दिया था।’’

शरत ने हार के बाद खेल गांव लौटने के लिए बस में चढ़ते हुए जब यह बात कही तो उनकी आवाज में हल्की निराशा झलक रही थी।

शरत ने कहा, ‘‘यह पूरा मुकाबला मा (जो टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेल रहे थे) पर दबाव डालने से जुड़ा था। मैं दुर्भाग्यशाली रहा कि तीसरा गेम नहीं जीत पाया, अन्यथा यह बिलकुल अलग तरह का मुकाबला होता।’’

दूसरे गेम में जीत दर्ज करने के बाद शरत ने तीसरा गेम 11-13 से गंवा दिया।

जयपुर में 2015 एशियाई खेलों के दौरान शीर्ष 20 में शामिल तीन खिलाड़ियों को हराने वाले शरत ने कहा कि तोक्यो में उनके प्रयास ने स्वदेश में किए प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ दिया।

शरत ने कहा, ‘‘अब तक का सर्वश्रेष्ठ टूर्नामेंट। बेहद खुश हूं कि अधिक उम्र होने के बावजूद मैं इस तरह का खेल दिखा पाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा वाट्सऐप संदेशों से भरा है जिसमें पेरिस खेलों तक खेलते रहने को कहा गया है। एकमात्र व्यक्ति जो ऐसा नहीं चाहता वह मेरी पत्नी (हंसते हुए कहते हैं) है। इस प्रदर्शन से निश्चित तौर पर मेरा पेरिस में खेलने के लिए आत्मविश्वास बढ़ा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

क्रिकेटकेकेआर के लिए सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच क्यों नहीं खेल रहे हैं? जानें कारण

विश्वखुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी की मौत, इजराइल-अमेरिका ने ईरान किया हमला, 25 मरे?, जवाब में ईरान ने पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलपुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान, मैदान में फिर भिड़ेंगी दोनों टीमें; जानें कब और कहाँ होगा महामुकाबला

अन्य खेलकश्मीर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गुलमर्ग छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के लिए तैयार

अन्य खेलएथलीट पीटी उषा के पति का निधन, 67 की उम्र में वी श्रीनिवासन ने ली अंतिम सांस

अन्य खेलतेजी से बदलती दुनिया में निजता का गंभीर सवाल...!

अन्य खेलविंटर ओलंपिक: बर्फ-गर्मी के बीच मुकाबला!