लाइव न्यूज़ :

नीरज चोपड़ा ने इंडियन ग्रां प्री में अपना राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा

By भाषा | Updated: March 5, 2021 19:16 IST

Open in App

पटियाला, पांच मार्च ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को यहां तीसरी इंडियन ग्रां प्री (आईजीपी) में शानदार वापसी करते हुए 88.07 मीटर के थ्रो से अपना ही राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ दिया।

यह प्रयास साल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। कोविड-19 महामारी के कारण एक साल से ज्यादा समय बाद पहली बार प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चोपड़ा ने पांचवें प्रयास में 88.07 मीटर दूर भाला फेंका और 2018 एशियाई खेलों में 88.06 मीटर के अपने राष्ट्रीय रिकार्ड को तोड़ दिया जिससे उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था।

चौबीस साल के चोपड़ा ने दो फाउल थ्रो के बाद 83.03 मीटर से शुरूआत की। चौथे थ्रो में उन्होंने भाला 83.36 मीटर दूर फेंका और एनआईएस पटियाला में दर्शकों के उत्साहवर्धन के बीच पांचवें प्रयास में रिकार्ड तोड़ा। अंतिम थ्रो 82.24 मीटर का रहा।

राष्ट्रमंडल खेल 2018 में स्वर्ण पदक जीतने वाले चोपड़ा ने कहा, ‘‘मैं तैयार था और आज हवा चल रही थी। मैंने अपने पसंदीदा भाले का इस्तेमाल किया जिससे मुझे मदद मिली। महामारी ने ट्रेनिंग और तैयारियों को प्रभावित किया था लेकिन हम इससे निपटने में सफल रहे। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व स्तर पर मुझे इससे भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा क्योंकि दुनिया भर में मौजूदा स्तर इससे भी ज्यादा ऊंचा है। ’’

चोपड़ा ने पिछले साल जनवरी में दक्षिण अफ्रीका में एक प्रतियोगिता के दौरान आगामी तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया था। शुक्रवार से पहले यह उनका अंतिम टूर्नामेंट था।

उन्होंने कहा, ‘‘आज यहां तेज हवा थी, मुझे हवा में भाला फेंकने का ज्यादा अनुभव नहीं है। मैं धीरे धीरे इसे सीख रहा हूं। नोर्डिक स्पोर्ट्स (कंपनी) ने एक नया भाला खरीदा है जो अगर सही तरह से फेंका जाये तो हवा वाले हालात में भी टूर्नामेंट के लिये बहुत अच्छा है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इसे पांचवें थ्रो में इस्तेमाल किया और यह बहुत अच्छी तरह गया, हालांकि मुझे नहीं लगा था कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया था लेकिन यह अच्छा बहुत अच्छा थ्रो रहा। ’’

वह ग्रां प्री में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, उन्होंने कहा कि वह 15 से 18 मार्च तक यहां होने वाली फेडरेशन कप राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भी हिस्सा लेंगे।

ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके एक अन्य भाला फेंक एथलीट उत्तर प्रदेश के शिवपाल सिंह 81.63 मीटर के प्रयास से दूसरे स्थान पर जबकि हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे साहिल सिलवाल 80.68 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से तीसरे स्थान पर रहे।

पुरूष भाला फेंक में तोक्यो ओलंपिक का क्वालीफिकेशन मार्क 85 मीटर है और खेलों का रिकार्ड 90.57 मीटर का है। विश्व रिकार्ड हालांकि 98.48 मीटर का है जो 1996 में चेक गणराज्य के जान जेलेज्नी ने बनाया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबारPetrol, Diesel Price Today: ईंधन की कीमतों ने बढ़ाई टेंशन! क्या भारत में महंगा हो गया पेट्रोल और डीजल? जानें

क्राइम अलर्टकोई इतना अमानवीय और क्रूर कैसे हो सकता है?

विश्व‘एलिमेंट्‌स’ को बचानेवाले फारसी विद्वान और यूक्लिड से प्रेरित शरलॉक 

पूजा पाठPanchang 07 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

पूजा पाठRashifal 07 April 2026: आज नौकरी में तरक्की, धन-संपत्ति में बढ़ोतरी के शुभ योग

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलपुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान, मैदान में फिर भिड़ेंगी दोनों टीमें; जानें कब और कहाँ होगा महामुकाबला

अन्य खेलकश्मीर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गुलमर्ग छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के लिए तैयार

अन्य खेलएथलीट पीटी उषा के पति का निधन, 67 की उम्र में वी श्रीनिवासन ने ली अंतिम सांस

अन्य खेलतेजी से बदलती दुनिया में निजता का गंभीर सवाल...!

अन्य खेलविंटर ओलंपिक: बर्फ-गर्मी के बीच मुकाबला!