भारत के अर्जुन और अरविंद नौकायन लाइटवेट डबल स्कल्स के सेमीफाइनल में
By भाषा | Updated: July 25, 2021 18:31 IST2021-07-25T18:31:44+5:302021-07-25T18:31:44+5:30

भारत के अर्जुन और अरविंद नौकायन लाइटवेट डबल स्कल्स के सेमीफाइनल में
तोक्यो , 25 जुलाई भारत के अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने रविवार को यहां तोक्यो ओलंपिक में पुरूषों की नौकायन लाइटवेट डबल स्कल्स स्पर्धा के रेपेशाज दौर में तीसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में जगह बना ली ।
भारतीय जोड़ी ने 6 : 51 . 36 का समय निकाला । सेमीफाइनल्स 28 जुलाई को होंगे।
इस जोड़ी ने कहा, ‘‘हमने बिलकुल वही किया जो हमारे कोच ने हमें कहा था। कोच ने कहा था कि हमें भारत के लिये सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल करने की कोशिश करनी है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘ यह (नौकायन) खेल भारत में इतना लोकप्रिय नहीं है। इसलिये हमारे कोचों ने हमें कहा कि सेमीफाइनल्स तक पहुंचना भी हमारे लिये बड़ी प्रेरणा है और हमें अपना सर्वश्रेष्ठ करना था। ’’
पोलैंड के जर्जी कोवालस्की और आर्टर मिकोलाजसेवस्की 6:43.44 के समय से शीर्ष पर रहे। उनके बाद रेपेशाज दो में स्पेन के काएटानो होर्टा पोम्बा और मानेल बालास्टेगुई ने 6:45.71 का समय लिया।
अर्जुन बोअर की और अरविंद स्ट्रोकर की भूमिका में थे । दोनों शनिवार को अपनी हीट में पांचवें स्थान पर रहे थे।
नौकायन लाइटवेट डबल स्कल्स वर्ग में दो खिलाड़ी एक नाव में होते हैं और दो दो चप्पू का इस्तेमाल करते हैं । हर पुरूष प्रतिभागी का अधिकतम वजन 72 . 5 किलो और औसत वजन 70 किलो होना चाहिये । महिला वर्ग में अधिकतम वजन 59 किलो और औसत 57 किलो होता है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।