लाइव न्यूज़ :

भारत ने एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में जापान को 6-0 से रौंदा

By भाषा | Updated: December 19, 2021 18:07 IST

Open in App

ढाका, 19 दिसंबर गत चैम्पियन भारत ने रविवार को यहां एशियाई चैम्पियंस ट्राफी (एसीटी) पुरूष हॉकी टूर्नामेंट के राउंड रॉबिन मैच में जापान को 6-0 से रौंद दिया।

इससे भारतीय टीम को राउंड रॉबिन चरण के एक भी मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा।

हरमनप्रीत सिंह (10वें और 53वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि दिलप्रीत सिंह (23वें), जरमनप्रीत सिंह (34वें), सुमित (46वें) और शमशेर सिंह (54वें) ने भी मौलाना भसानी हॉकी स्टेडियम में स्कोरशीट में अपने नाम दर्ज कराये।

भारत पहले ही सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर चुका है। पांच देशों के टूर्नामेंट के राउंड रॉबिन चरण के अंत में भारत 10 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है जिसके बाद कोरिया (छह), जापान (पांच), पाकिस्तान (दो) और मेजबान बांग्लादेश (शून्य) हैं।

यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। टूर्नामेंट के शुरूआती मैच में कोरिया ने भारत को ड्रा पर रोक दिया था। लेकिन मनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम ने बांग्लादेश को 9-0 से रौंदकर चीजें बदल दीं जिसके बाद उसने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को भी हराया और फिर अब जापान को भी शिकस्त दी।

भारत की सेमीफाइनल की प्रतिद्वंद्वी टीम पर फैसला होना अभी बाकी है।

भारत के मनोबल में इस दबदबे भरी जीत से काफी बढ़ोतरी होगी और टीम टूर्नामेंट के अंत में आत्मविश्वास से भरी होगी।

भारतीय टीम ने एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता टीम जापान को सभी विभागों में पूरी तरह चित्त कर दिया।

भारत ने पहले हाफ में दबदबा बनाया। उसने पहले क्वार्टर के शुरूआती छह मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिये लेकिन इसमें गोल नहीं कर सकी। इसके तुरंत बाद जापान भी पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में असफल रहा।

भारत ने हमले करना जारी रखा और उसे फिर एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार हार्दिक सिंह ने शानदार तरीके से इसे हरमनप्रीत की ओर किया जिनकी फ्लिक से भारतीय टीम ने 1-0 से बढ़त बना ली।

पहले क्वार्टर के अंत में भारत की बढ़त दोगुनी हो सकती थी लेकिन अनुभवी ललित उपाध्याय गोल करने से चूक गये।

दूसरे क्वार्टर के पांच मिनट बाद जापान को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला। भारत ने इस फैसले को रेफर किया लेकिन टीवी अंपायर को जापान को यह पेनल्टी कॉर्नर नहीं देने का कोई कारण नहीं मिला।

मंदीप सिंह, शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत की तिकड़ी के 23वें मिनट में बेहतरीन तालमेल की बदौलत दिलप्रीत ने टीम की बढ़त दोगुनी कर दी।

जापान ने भी आक्रामकता बरती लेकिन भारतीय रक्षात्मक पंक्ति ने उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया जिससे तोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता टीम ब्रेक तक दो गोल से आगे थी।

जापान ने दूसरे हाफ की शुरुआत आक्रामक अंदाज से की लेकिन गोल भारत के नाम रहा जिसने जरमनप्रीत की क्लीन स्ट्राइक से तीसरा गोल दागा।

जापान को 36वें मिनट में महत्वपूर्ण पेनल्टी कॉर्नर मिला और वह इसका फायदा उठाने के करीब दिख रही थी लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार बचाव कर उन्हें गोल करने से रोक दिया। सूरज नियमित गोलकीपर पी श्रीजेश की अनुपस्थिति में अच्छा खेल दिखा रहे हैं।

जापान ने गोल करने के कई प्रयास किये। केंटा टनाका ने अकेले भारतीय रक्षात्मक पंक्ति में सेंध लगायी जिससे जापान के पास मौका था लेकिन एक बार फिर सूरज करकेरा ने इसे नाकाम कर दिया।

जापान ने भारतीय रक्षात्मक पंक्ति की परीक्षा लेना जारी रखा लेकिन बैकलाइन मजबूत बनी रही।

अंतिम क्वार्टर में सुमित ने गोल करके जापान को चौथा झटका दिया। हरमनप्रीत ने फिर गोलपोस्ट के दायें कार्नर पर स्मैश शॉट से मैच में दूसरा गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया।

दो मिनट बाद जूनियर शमशेर और शिलानंद ने मिलकर मौका बनाया जिस पर शमशेर ने भारत का छठा गोल दागा।

जापान ने गोल करने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया लेकिन उसके खिलाड़ी भारतीय रक्षात्मक पंक्ति को नहीं भेद सके। भारत का दबदबा इस तरह का था कि उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को मिले सभी पांच पेनल्टी कॉर्नर का बचाव किया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटसबसे आगे विराट कोहली, 20 बार प्लेयर ऑफ़ द सीरीज पुरस्कार, देखिए लिस्ट में किसे पीछे छोड़ा

ज़रा हटकेShocking Video: तंदूरी रोटी बनाते समय थूक रहा था अहमद, वीडियो वायरल होने पर अरेस्ट

क्राइम अलर्ट4 महिला सहित 9 अरेस्ट, घर में सेक्स रैकेट, 24400 की नकदी, आपतिजनक सामग्री ओर तीन मोटर साइकिल बरामद

क्रिकेटYashasvi Jaiswal maiden century: टेस्ट, टी20 और वनडे में शतक लगाने वाले छठे भारतीय, 111 गेंद में 100 रन

क्रिकेटVIRAT KOHLI IND vs SA 3rd ODI: 3 मैच, 258 गेंद, 305 रन, 12 छक्के और 24 चौके, रांची, रायपुर और विशाखापत्तनम में किंग विराट कोहली का बल्ला

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलFootball World Cup 2026: यूएस ने वीजा देने से किया इनकार, ईरान फुटबॉल वर्ल्ड कप के ड्रॉ का करेगा बहिष्कार

अन्य खेलराष्ट्रमंडल खेल 2030 : भारत की नई उड़ान!

अन्य खेलभारत करेगा 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी, अहमदाबाद में होगा आयोजन

अन्य खेलWomen's FIH Hockey Junior World Cup: महिला जूनियर हॉकी टीम का ऐलान, भारतीय टीम को लीड करेंगी ज्योति सिंह

अन्य खेलकोग्निवेरा इंटरनेशनल पोलो कप की धूमधाम शुरुआत, 25 अक्टूबर को भारत-अर्जेंटीना में जबरदस्त टक्कर!