लाइव न्यूज़ :

हरमनप्रीत के दो गोल से भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराया, सेमीफाइनल के करीब पहुंचा

By भाषा | Updated: December 17, 2021 17:34 IST

Open in App

ढाका, 17 दिसंबर उप कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने शुक्रवार को यहां अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर एशियाई चैंपियन्स ट्राफी (एसीटी) पुरुष हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित की।

हरमनप्रीत ने आठवें और 53वें मिनट में दो पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला जबकि तोक्यो ओलंपिक की टीम में जगह नहीं बना पाने वाले आकाशदीप ने 42वें मिनट में मैदानी गोल किया जो उनका टूर्नामेंट में दूसरा गोल है

पाकिस्तान की तरफ से एकमात्र गोल जुनैद मंजूर ने 45वें मिनट में किया।

भारत की यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत है। उससे इससे पहले बांग्लादेश को 9-0 से करारी शिकस्त दी थी। पाकिस्तान को अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है। उसने जापान के खिलाफ अपना पहला मैच गोलरहित ड्रा खेला था।

भारत ने अपना पहला मैच कोरिया के खिलाफ 2-2 से ड्रा खेलकर अंक बांटे थे।

भारत अभी तीन मैचों में सात अंक लेकर अंकतालिका में शीर्ष पर है तथा वह पांच देशों के बीच राउंड रोबिन आधार पर खेले जा रहे टूर्नामेंट में रविवार को जापान से भिड़ेगा। पाकिस्तान का अभी दो मैचों में केवल एक अंक है।

भारत और पाकिस्तान पिछली बार मस्कट में खेले गये टूर्नामेंट में संयुक्त विजेता बने थे। तब बारिश के कारण फाइनल मैच नहीं हो पाया था।

भारतीय टीम ने पहले दो क्वार्टर में पूरी तरह से दबदबा बनाये रखा। पाकिस्तान ने रक्षात्मक रवैया अपनाया और इस बीच हरमनप्रीत के एक शॉट का अच्छा बचाव भी किया।

पहले दो क्वार्टर में खेल पाकिस्तान के गोल पोस्ट के इर्द गिर्द ही खेला गया। भारतीयों ने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाकर दबाव बनाया और कुछ मौके बनाये लेकिन पाकिस्तानी गोलकीपर मजार अब्बास की प्रशंसा करनी होगी जिन्होंने बेहतरीन बचाव किये।

लेकिन भारत ने उम्मीद के अनुरूप आठवें मिनट में बढ़त बना दी जब हरमनप्रीत ने टीम को मिले पहले पेनल्टी कार्नर को करारे फ्लिक से गोल में बदला। इसके चार मिनट बाद कप्तान मनप्रीत सिंह का सर्कल के बाहर से लगाया गया शॉट अब्बास ने बचा दिया।

दूसरे क्वार्टर में भी यही स्थिति बनी रही और भारतीयों ने पाकिस्तानी रक्षापंक्ति में लगातार सेंध लगायी।

पाकिस्तानी रक्षापंक्ति ने अच्छी भूमिका निभायी लेकिन उसकी अग्रिम पंक्ति एक भी शॉट गोल पर लगाने या पेनल्टी कार्नर हासिल करने में नाकाम रही।

भारत मध्यांतर तक 1-0 से आगे था और उसने पाकिस्तान पर दबाव बनाये रखा तथा 42वें मिनट में अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। आकाशदीप ने तब सुमित के ड्राइव को रिवर्स हिट से गोल के हवाले किया था।

लेकिन पाकिस्तान ने उम्मीद नहीं छोड़ी और यहां से बेहतर खेल दिखाया तथा तीसरा क्वार्टर समाप्त होने से 27 सेकेंड पहले गोल अंतर कम कर दिया। तब मंजूर ने अब्दुल राणा के पास को डाइव लगाकर गोल में पहुंचाया था।

पहले तीन क्वार्टर अगर भारत के नाम रहे तो चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान ने कड़ी चुनौती पेश की। पहला गोल करने के बाद पाकिस्तान ने आक्रामक रुख अपनाया और 47वें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन भारत के ‘रेफरल’ लेने के बाद इसे नकार दिया गया।

पाकिस्तान ने इसके बाद फिर से लगातार दो पेनल्टी कार्नर हासिल किये लेकिन दोनों अवसरों पर भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार बचाव किये।

इस बीच भारत ने अपना दूसरा पेनल्टी कार्नर हासिल किया जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। भारत ने अंतिम हूटर बजने से तीन मिनट पहले एक और पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन उसे पाकिस्तानी गोलकीपर ने बचा दिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्ट15 फरवरी को चिंगारी भड़की और खतरनाक आग में बदली?, दो बच्चों की मां प्रियंका देवी 56 वर्षीय बहनोई धनिक लाल यादव के साथ फरार, ले गई 4 लाख के जेवर, नकदी-मोबाइल

क्राइम अलर्टक्या पंजाब के बाद बिहार में जॉम्बी ड्रग?, कितना खतरनाक, व्यस्त सड़क पर लड़खड़ाता दिखा शख्स?, वीडियो

भारतबिहार के अस्पतालों में डॉक्टर, रुई और सुई नहीं, कहीं दवा नहीं तो बेड नहीं?, तेजस्वी यादव बोले-अमंगल दोष से ग्रसित स्वास्थ्य विभाग

कारोबारAmazon May 2026 Layoffs: क्या मई में 14000 लोग नौकरी से निकाले जाएंगे?, जानें अमेजन प्रवक्ता ने क्या कहा?

भारतमप्र राज्यसभा चुनावः मीनाक्षी नटराजन और सज्जन सिंह वर्मा में टक्कर?, कांग्रेस में एक अनार-सौ बीमार?, अपनों की रार में भाजपा न मार ले जाए तीसरी सीट!

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलपुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान, मैदान में फिर भिड़ेंगी दोनों टीमें; जानें कब और कहाँ होगा महामुकाबला

अन्य खेलकश्मीर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गुलमर्ग छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के लिए तैयार

अन्य खेलएथलीट पीटी उषा के पति का निधन, 67 की उम्र में वी श्रीनिवासन ने ली अंतिम सांस

अन्य खेलतेजी से बदलती दुनिया में निजता का गंभीर सवाल...!

अन्य खेलविंटर ओलंपिक: बर्फ-गर्मी के बीच मुकाबला!