पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी टीम की कांस्य पदक जीत की प्रशंसा की

By भाषा | Updated: August 5, 2021 19:43 IST2021-08-05T19:43:48+5:302021-08-05T19:43:48+5:30

Former Pakistani players praise Indian hockey team's bronze medal win | पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी टीम की कांस्य पदक जीत की प्रशंसा की

पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी टीम की कांस्य पदक जीत की प्रशंसा की

कराची, पांच अगस्त पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों को लगता है कि तोक्यो ओलंपिक में गुरूवार को भारतीय हॉकी टीम के 41 साल बाद पदक जीतने की उपलब्धि से उप महाद्वीप में इस खेल को बढ़ावा मिलेगा।

आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारतीय टीम ने प्ले-ऑफ मुकाबले में जर्मनी के खिलाफ वापसी करते हुए 5-4 से जीत हासिल कर ओलंपिक कांस्य पदक जीता।

पाकिस्तान के महान हॉकी खिलाड़ी हसन सरदार ने दो गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करने के लिये भारतीय टीम की प्रशंसा की।

सरदार ने कहा, ‘‘वे (भारतीय) दबाव में झुके नहीं, वे कांस्य पदक चाहते थे जो उप महाद्वीप में हॉकी के लिये अच्छा संकेत है। ’’

पूर्व ओलंपियन वसीम फिरोज ने कहा कि उप महाद्वीप की एक टीम के इतने लंबे समय बाद ओलंपिक पदक जीतने से वह बहुत खुश हैं। उन्होंने, ‘‘अच्छी बात यह है कि भारत यूरोपीय और एशियाई शैली के मिश्रण से अच्छे नतीजे हासिल कर रहा है और उन्होंने जर्मनी के खिलाफ बहुत जोश भरा खेल दिखाया। ’’

वह चाहते हैं कि भारतीय महिला टीम भी शुक्रवार को ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ कांस्य पदक के मैच में जीत हासिल करे।

पूर्व ओलंपियन और पाकिस्तान हॉकी महासंघ के सचिव आसिफ बाजवा ने कहा, ‘‘उनके (भारत) पास सर्वश्रेष्ठ सुविधायें और कोच हैं लेकिन काफी लंबे समय बाद उन्होंने ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे एशिया में हॉकी को बढ़ावा मिलेगा। ’’

पूर्व ओलंपियन सैमियुल्लाह ने कहा, ‘‘भारत का कांस्य पदक जीतना दिखाता है कि इस खेल में हुए बदलावों और नये नियमों के आने के बावजूद भारत और पाकिस्तान यूरोप के शीर्ष देशों और आस्ट्रेलिया से प्रतिस्पर्धा करके अच्छा कर सकते हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Former Pakistani players praise Indian hockey team's bronze medal win

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे