लाइव न्यूज़ :

तोक्यो पहुंचा भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था, सोमवार से शुरू करेंगे अभ्यास

By भाषा | Updated: July 18, 2021 20:24 IST

Open in App

तोक्यो, 18 जुलाई ओलंपिक में कुछ कर गुजरने के लक्ष्य के साथ भारतीय दल का पहला जत्था 23 जुलाई से शुरू होने वाले खेलों के लिये रविवार की सुबह यहां पहुंचा तथा हवाई अड्डे पर कोविड-19 से जुड़े कड़े दिशानिर्देशों का पालन करने के बाद उन्होंने खेल गांव में प्रवेश किया, जो सोमवार से अभ्यास शुरू कर सकते है।

भारत से रवाना हुए 54 खिलाड़ी सहित 88 सदस्यीय दल का यहां हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद कोविड-19 जांच हुए जिसमें सभी का रिपोर्ट नेगेटिव रहा।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने विज्ञप्ति में बताया गया कि खिलाड़ी सोमवार से अभ्यास शुरू करेंगे।

साइ ने बताया, ‘‘दल के सभी सदस्यों को संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल से अवगत करा दिया गया है और संबंधित कोचों को कोविड-19 जांच किट वितरित किए गए हैं।’’

इन खेलों में भारत के मिशन उप प्रमुख और कोविड-19 संपर्क अधिकारी डॉ प्रेम वर्मा ने भारतीय दल का स्वागत किया।

भारत से रवाना हुए पहले जत्थे को शनिवार रात नयी दिल्ली में भव्य विदाई दी गयी। इस बीच निशानेबाज और मुक्केबाज क्रोएशिया और इटली से जापान की राजधानी पहुंचे।

भारत से यात्रा करने वाले दल में तीरंदाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी में पुरुष और महिला वर्ग की टीमें, जूडो, जिम्नास्टिक और तैराकी के खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ और अधिकारी शामिल हैं। वे नयी दिल्ली से विशेष विमान से तोक्यो पहुंचे।

इस दल के एक सदस्य ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ हवाई अड्डे (नारिता) पर छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हमारा कोविड-19 के लिये परीक्षण हुआ लेकिन ऐसी उम्मीद थी। सभी जांच सही रहने के बाद ही हम खेल गांव पहुंचे हैं। ’’

इस समूह में विश्व चैंपियन बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम, दुनिया के नंबर एक मुक्केबाज अमित पंघाल, दुनिया की नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी और टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा जैसे सितारे शामिल हैं।

साइ ने बताया, ‘‘उनके पीवीसी (प्री-वैलिड कार्ड) को भी हवाई अड्डे पर मान्य किया गया। सभी खिलाड़ी, कोच और सहयोगी सदस्य को गांव में आराम से ठहराया गया है।’’

उन्होंने बताया, ‘‘ उन्होंने (दल के सदस्यों ने) डाइनिंग हॉल में अपने भोजन का आनंद लिया और वे सभी सहज महसूस कर रहे हैं।’’

भारतीय दल ऐसे दिन खेल गांव में पहुंचा जबकि वहां रहने वाले दो खिलाड़ियों और ओलंपिक के लिये नामित होटल में ठहरे एक खिलाड़ी का कोविड-19 के लिये किया गया परीक्षण पॉजिटिव आया है।

भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छी तरह से मास्क लगा रखा था। यहां तक कि खेल गांव के लिये बसों में सवार होने से पहले आवश्यक कागजी कार्रवाई करते समय कुछ खिलाड़ियों को चेहरे पर शील्ड पहने हुए भी देखा गया।

इन खेलों से जुड़े कोविड-19 मामलों की संख्या 55 तक पहुंच गयी है।

खेल दर्शकों के बिना खाली स्टेडियमों में आयोजित किये जाएंगे क्योंकि जापान की राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से तोक्यो में रोजाना 1000 से अधिक संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं।

महामारी को लेकर संदेह के बावजूद, आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक ने जोर देकर कहा है कि इन खेलों से ओलंपिक गांव और जापान के निवासियों को कोई खतरा नहीं है।

भारतीय खिलाड़ियों का हवाई अड्डे पर कुरोबे शहर के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। उनके हाथों में बैनर थे जिन पर लिखा था, ‘‘कुरोबे भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करता है। #चीयर्स4इंडिया।’’

इससे पहले शनिवार की रात को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने नयी दिल्ली में इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर हर्ष ध्वनि, तालियों की गड़गड़ाहट और शुभकामना संदेशों के साथ भारतीय दल को औपचारिक विदाई दी।

हवाई अड्डे पर अप्रत्याशित दृश्य देखने को मिला। ओलंपिक दल के लिये लाल कालीन बिछाया गया था। खिलाड़ियों की विदाई के लिये इतना उत्साह बना हुआ था कि भारत सरकार ने इन सदस्यों की कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिये विशेष व्यवस्था की थी।

ठाकुर के अलावा विदाई समारोह में खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक, भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के महानिदेशक संदीप प्रधान, आईओए के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने भी हिस्सा लिया।  

भारत के कुछ खिलाड़ी विदेशों में अपने अभ्यास स्थलों से पहले ही तोक्यो पहुंच चुके थे।

भारत की एकमात्र भारोत्तोलक मीराबाई चानू अमेरिका के सेंट लुई में अपने अभ्यास स्थल से शुक्रवार को तोक्यो पहुंची। मुक्केबाज और निशानेबाज इटली और क्रोएशिया में अपने अभ्यास स्थलों से यहां पहुंचे हैं।

भारत का 228 सदस्यीय दल ओलंपिक में भाग लेगा जिसमें 119 खिलाड़ी शामिल है।

भारत से सबसे पहले चार भारतीय नाविक नेत्रा कुमानन और विष्णु सरवनन (लेजर क्लास), केसी गणपति और वरुण ठक्कर (49 ईआर क्लास) यूरोप में अपने अभ्यास स्थलों से तोक्यो पहुंचे थे। उन्होंने गुरुवार को अभ्यास भी शुरू कर दिया है। इसके अलावा रोइंग टीम भी तोक्यो पहुंच चुकी है।

बजरंग पूनिया एवं विनेश फोगाट के नेतृत्व में पहलवानों के दल के अलावा टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और पदक के दावेदार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा तथा अन्य एथलेटिक्स दल का अभी यहां पहुंचना बाकी है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

पूजा पाठPanchang 07 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

पूजा पाठRashifal 07 April 2026: आज नौकरी में तरक्की, धन-संपत्ति में बढ़ोतरी के शुभ योग

स्वास्थ्यविश्व स्वास्थ्य दिवसः वैज्ञानिक सोच से बदलेगी सेहत की तस्वीर

विश्वयदि ईरान पर जमीनी हमला हुआ तो...

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलपुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान, मैदान में फिर भिड़ेंगी दोनों टीमें; जानें कब और कहाँ होगा महामुकाबला

अन्य खेलकश्मीर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गुलमर्ग छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के लिए तैयार

अन्य खेलएथलीट पीटी उषा के पति का निधन, 67 की उम्र में वी श्रीनिवासन ने ली अंतिम सांस

अन्य खेलतेजी से बदलती दुनिया में निजता का गंभीर सवाल...!

अन्य खेलविंटर ओलंपिक: बर्फ-गर्मी के बीच मुकाबला!