बजरंग, पिंकी ने यासर दोगु में जीता गोल्ड, साक्षी मलिक ने किया निराश

By भाषा | Updated: July 29, 2018 18:46 IST2018-07-29T18:45:23+5:302018-07-29T18:46:57+5:30

महिलाओं के वर्ग में 53 किग्रा और 57 किग्रा में दो स्वर्ण पदक दांव पर लगे थे लेकिन सीमा और पूजा ढांडा फाइनल में हार गयी।

bajrang punia pinki wins gold in yasar dogu sakshi malik disappoints | बजरंग, पिंकी ने यासर दोगु में जीता गोल्ड, साक्षी मलिक ने किया निराश

बजरंग पूनिया

नई दिल्ली, 29 जुलाई: बजरंग पूनिया ने तुर्की के इस्ताम्बुल में यासर दोगु अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता जबकि संदीप तोमर को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत ने इस प्रतियोगिता में दस पदक जीते जिसमें सात पदक महिलाओं ने हासिल किये। 

महिलाओं के वर्ग में पिंकी स्वर्ण पदक जीतने वाली एकमात्र पहलवान रही। उन्होंने 55 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में उक्रेन की ओल्गा शानिडर को 6-3 से हराया लेकिन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने निराश किया और वह 62 किग्रा भार वर्ग में पदक दौर तक पहुंचने में नाकाम रही। राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन बजरंग पूनिया लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। उन्होंने इस महीने के शुरू में जार्जिया में तिबलिशी ग्रां प्री में सोने का तमगा जीता था। उन्हें 70 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण जीतने के लिये पसीना नहीं बहाना पड़ा क्योंकि उक्रेन के आंद्रे क्वायातकोवस्की चोट के कारण फाइनल मुकाबले से हट गये थे। 

पुरूषों के 61 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में संदीप ईरान के मोहम्मदबागर याखकेशी से 2-8 से हार गये। विक्की ने कल 57 किग्रा में कांस्य पदक जीता था। भारत के अन्य पुरूष पहलवान अमित (65 किग्रा), जितेंद्र (74 किग्रा), पवन (86 किग्रा), दीपक (92 किग्रा), जशकवर सिंह (97 और 125 किग्रा) पदक दौर में पहुंचने में असफल रहे।

यह भी पढ़ें- अमेरिकी महिला तैराक कैथलीन बेकर का कमाल, 100 मीटर बैकस्ट्रोक में बनाया नया विश्व रिकॉर्ड

महिलाओं के वर्ग में आज 53 किग्रा और 57 किग्रा में दो स्वर्ण पदक दांव पर लगे थे लेकिन सीमा और पूजा ढांडा फाइनल में हार गयी। सीमा को उक्रेन की क्रिस्टीना बेरेजा ने 2-10 से जबकि पूजा को उक्रेन की ही इरनिया खारिव ने 0-11 से शिकस्त दी। 

सरिता ने 62 किग्रा में तुर्की के कांसु अक्षोय को 10-0 से हराकर कांस्य पदक जीता। इस वर्ग में साक्षी भी हिस्सा ले रही थी लेकिन वह अपने क्वालीफिकेशन में ही जीत दर्ज कर पायी और क्वार्टर फाइनल में इलमिरा गामबरोवा से आसानी से हार गयी। 

यह साक्षी की इस साल गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने के बाद पहली प्रतियोगिता थी। रजनी 72 किग्रा के फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी बेस्टी आतिग से 3-4 से हार गयी। संगीता फोगाट (59 किग्रा) और गीता (65 किग्रा) ने अपने अपने वर्गों में कांस्य पदक जीता।  पूजा और पिंकी के अलावा साक्षी और किरण भी एशियाई खेलों के लिये भारतीय टीम में शामिल हैं। किरण भी यहां 76 किग्रा में पदक दौर में नहीं पहुंच पायी।

खेल जगत से जुड़ी हिंदी खबरों और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें। यूट्यूब चैनल यहां सब्सक्राइब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट।

Web Title: bajrang punia pinki wins gold in yasar dogu sakshi malik disappoints

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे