Asian Games: भारतीय वॉलीबॉल टीम ने अब तक नहीं जीता गोल्ड, आखिरी बार 32 साल पहले जीता था ब्रॉन्ज
By सुमित राय | Updated: August 12, 2018 19:06 IST2018-08-12T19:06:35+5:302018-08-12T19:06:35+5:30
Asian Games: भारतीय वॉलीबॉल टीम को 32 साल से पदक का इंतजार है और इस बार टीम अपने पहले गोल्ड मेडल का भी सपना पूरा करना चाहेगी।

आखिरी बार भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने साल 1986 में जीता था ब्रॉन्ज मेडल।
नई दिल्ली, 12 अगस्त। इंडोनेशिया के जकार्ता में 19 से 2 सितंबर के बीच होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय वॉलीबॉल टीम एनआइएस पटियाला और साईं एनएस सर्दर्न सेंटर बेंगलुरु में जोरदार तैयारी कर रही है। भारतीय वॉलीबॉल टीम को 32 साल से पदक का इंतजार है और इस बार टीम अपने पहले गोल्ड मेडल का भी सपना पूरा करना चाहेगी।
भारतीय वॉलीबॉल टीम को 32 सालों से मेडल का इंतजार
भारत ने अंतिम बार साल 1986 में आयोजित एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और 32 सालों से टीम मेडल जीतने के लिए संघर्ष कर रही है। इस बार चंडीगढ़ पुलिस के डॉक्टर बीर सिंह को भारतीय वॉलीबॉल टीम को कोच नियुक्त किया गया है और इनके पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए भारत के इस बार बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है।
भारतीय टीम के नाम अब तक तीन मेडल
एशियन गेम्स में साल 1958 में पहली बार वॉलीबॉल को शामिल किया गया था और भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके बाद साल 1962 में भारतीय टीम ने प्रदर्शन में सुधार करते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। इसके बाद 1966 में टीम चौथे स्थान पर रही और कोई मेडल नहीं जीत पाई। साल 1986 में भारतीय टीम ने आखिरी बार ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।
भारतीय महिलाओं को अपने पहले मेडल का इंतजार
भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम ने पहली बार साल 1962 में एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था, लेकिन अब तक उसके खाते में एक भी मेडल नहीं आया है। इस बार भी भारतीय महिलाओं की चुनौती काफी कड़ी रहने वाली है, क्योंकि उकसे ग्रुप में जीन और दक्षिण कोरिया, चीनी ताइपे, कजाखस्तान और वियतनाम जैसी मजबूत टीमें हैं।
खेल जगत से जुड़ी हिंदी खबरों और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें। यूट्यूब चैनल यहां सब्सक्राइब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट।