एशियाई खेलों के चैंपियन अर्पिंदर सिंह ने जीता गोल्ड मेडल, पर विश्व चैंपियनशिप मार्क से चूके
By भाषा | Updated: August 28, 2019 23:24 IST2019-08-28T23:24:44+5:302019-08-28T23:24:44+5:30
अर्पिंदर ने गर्म और उमस भरे हालात में 16.83 मीटर से सत्र की सर्वश्रेष्ठ कूद लगायी लेकिन वह विश्व चैंपियनशिप के 16.95 मीटर के क्वालीफाइंग मानक से 12 सेंटीमीटर से चूक गये।

एशियाई खेलों के चैंपियन अर्पिंदर सिंह ने जीता गोल्ड मेडल, पर विश्व चैंपियनशिप मार्क से चूके
लखनऊ, 28 अगस्त। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदकधारी त्रिकूद एथलीट अर्पिंदर सिंह ने बुधवार को यहां 59वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन स्वर्ण पदक अपने नाम किया लेकिन वह विश्व चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग मार्क को हासिल करने से चूक गये।
अर्पिंदर ने गर्म और उमस भरे हालात में 16.83 मीटर से सत्र की सर्वश्रेष्ठ कूद लगायी लेकिन वह विश्व चैंपियनशिप के 16.95 मीटर के क्वालीफाइंग मानक से 12 सेंटीमीटर से चूक गये। कर्नाटक के यू कार्तिक (16.0 मी) और तमिलनाडु के मोहम्मद सलाहुद्दीन (16.79 मी) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता।
अर्पिंदर को पांच सितंबर को नयी दिल्ली में होने वाली इंडियन ग्रां प्री में भी विश्व चैम्पियनशिप क्वालीफिकेशन को हासिल करने का मौका मिलेगा। कोई भी भारतीय खिलाड़ी दोहा में 28 सितंबर से छह अक्टूबर तक चलने वाली विश्व चैम्पियनशिप के क्वालीफाइंग मार्क के करीब नहीं पहुंच सका।
बालाकुमार नितिन और एलेक्स एंटोनी ने क्रमश: पुरुषों की 200 मी और 400 मी का स्वर्ण पदक हासिल किया। नितिन ने 20.91 सेकेंड का समय निकाला जबकि विश्व चैम्पियनशिप के लिये 200 मीटर का क्वालीफाइंग समय 20.40 सेकेंड है।
एलेक्स ने 46.66 सेकेंड से पहला स्थान हासिल किया। पी यू चित्रा ने 2:02.96 के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय से महिलाओं की 800 मीटर स्पर्धा जीती जबकि मोहम्मद अफजल ने 1:48.35 के समय से मंजीत सिंह और जिनसन जानसन की अनुपस्थिति में पुरुषों की 800 मीटर में पहला स्थान हासिल किया। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने प्रतियोगिता में कुछ विदेशी खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया था।