महाराष्ट्र चुनाव 2019: 'महागठबंधन' के सीटों का फॉर्मूला तय, सपा भी जुड़ी, जानिए कांग्रेस-एनसीपी को मिली कितनी-कितनी सीटें
By लोकमत समाचार ब्यूरो | Updated: October 3, 2019 07:57 IST2019-10-03T07:57:00+5:302019-10-03T07:57:00+5:30
NCP-Congress alliance: आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस-एनसीपी गठबधंन में शामिल हुई समाजवादी पार्टी

समाजवादी पार्टी नेता अबू आजमी के साथ कांग्रेस नेता अशोक चह्वाण
अतुल कुलकर्णी, मुंबई। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अब 147 सीटों पर जबकि राकांपा (एनसीपी) 124 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी को तीन सीटें- भिवंडी पूर्व, औरंगाबाद पूर्व और मानखुर्द - देने के लिए राजी हो गई है। इसलिए अबु आजमी महागठबंधन में शामिल हो गए हैं।
महागठबंधन के सीट बंटवारे का पेंच लगभग सुलझ गया है फिर भी माकपा, भाकपा, जनता दल की सीटों को लेकर विवाद कायम है। शेकाप के नेता जयंत पाटिल ने शर्त रखी है कि पेण, उरण, पनवेल, अलिबाग और रोहा सीटों पर सिर्फ राकांपा से महागठबंधन होगा और कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारकर दोस्ताना भिड़ंत करेगी। शेकाप को महागठबंधन में शामिल करने के लिए यह शर्त मान ली गई है।
कांग्रेस सहयोगियो समेत 156 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
पहले कांग्रेस और राकांपा ने 125-125 यानी 250 सीटों पर लड़ने वाली थी जबकि 38 सीटें सहयोगी दलों को दी जानी थी। लेकिन सहयोगी दलों की ओर से मांग कम आई। इसलिए ऐन समय पर कुछ निर्वाचन क्षेत्र बदल दिए गए और सहयोगी दलों सहित कांग्रेस ने 156 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया।
इसमें से नौ सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ दी जाएंगी। इसमें तीन सीटें समाजवादी पार्टी को जबकि शेष छह सीटें रिपाई (कवाड़े) तथा रिपाई (गवई) को दी जाएंगी। ऐसे में कांग्रेस के पास 147 सीटें बचती हैं। राकांपा अब सहयोगी दलों सहित 132 सीटों पर लड़ेगी।
राकांपा के कोटे से ही राजू शेट्टी के स्वाभिमान शेतकरी संगठन समेत अन्य सहयोगी दलों को आठ सीटें दी जाएंगी। बच्चू कड़ू का प्रहार पक्ष महागठबंधन के साथ दो सीटों- अचलपुर और मुंबई - पर लड़ेगी। ऐसे में राकांपा के पास 124 सीटें बच जाएंगी। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी शिरोल से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
माणिकराव कोकाटे राकांपा में नासिक जिले के भाजपा के पूर्व विधायक माणिकराव कोकाटे ने अपने समर्थकों के साथ आज राकांपा में प्रवेश किया. इस मौके पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटिल ने उनका स्वागत किया. कोकाटे को सिन्नर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया है।