महाराष्ट्र में बारिश का कहर: पुणे में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हुई, पांच लापता
By भाषा | Updated: September 29, 2019 08:09 IST2019-09-29T08:09:15+5:302019-09-29T08:09:15+5:30
16 लोगों की मौत पुणे शहर में हुई, जबकि छह लोग जिले के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ से संबंधित दुर्घटनाओं में मारे गए।

महाराष्ट्र में बारिश का कहर: पुणे में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हुई, पांच लापता
पुणे जिले के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को आयी बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है जबकि पांच लोग अब भी लापता हैं। एक अधिकारी ने शनिवार रात में यह जानकारी दी। पुणे और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार और गुरुवार के बीच 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई जिससे कई निचले इलाकों में बाढ़ आ गई।
इसके परिणामस्वरूप अधिकारियों ने तीन हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि 16 लोगों की मौत पुणे शहर में हुई, जबकि छह लोग जिले के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ से संबंधित दुर्घटनाओं में मारे गए। उन्होंने बताया कि जिले में पांच लोग लापता हैं। जिला कलेक्टर नवल किशोर राम ने कहा कि तांगेवाला कॉलोनी में बाढ़ प्रभावितों को राहत कोष से चेक सौंपे गए।