अखंड धाम आश्रम में 17 वर्षों से गूंज रहा है ओम नमः शिवाय महामंत्र, लगभग 61 करोड़ मंत्रों का जाप हो चुका
By मुकेश मिश्रा | Updated: August 6, 2023 20:22 IST2023-08-06T20:21:25+5:302023-08-06T20:22:43+5:30
वर्ष 2006 से चल रहे इस अखंड महायज्ञ में अब तक 17 वर्ष में लगभग 61 करोड़ मंत्रों का जाप हो चुका है। आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप के सानिध्य में यह अनुष्ठान निरंतर जारी है।

वर्ष 2006 से चल रहा है अखंड महायज्ञ
इंदौर: इंदौर के गांधीनगर क्षेत्र के बिजासन रोड स्थित प्राचीन श्री अविनाशी आश्रम पुरुषोत्तम एवं श्रावण मास के उपलक्ष्य में ओम नमः शिवाय महामंत्र के अखंड जाप की मंगल ध्वनि से गूंज रहा है। वर्ष 2006 से चल रहे इस अखंड महायज्ञ में अब तक 17 वर्ष में लगभग 61 करोड़ मंत्रों का जाप हो चुका है।
इसके अलावा प्रतिवर्ष अखंड धाम पर होने वाले अ.भा. अखंड वेदांत संत सम्मेलन के दौरान भी देशभर के प्रमुख संत-विद्वान यहां आकर सात दिनों तक अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा से इस भूमि को पावन बना रहे हैं। आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप के सानिध्य में यह अनुष्ठान निरंतर जारी है।
अखंड धाम आयोजन समिति के प्रमुख हरि अग्रवाल, सचिन सांखला ने बताया कि वर्ष 2006 में इस अखंड जाप का शुभारंभ हुआ था। पिछले करीब 17 वर्षों से यहां प्रतिदिन चार व्यक्ति आठ पारियों में मिलकर ओम नमः शिवाय महामंत्र का अलख जगा रहे हैं। एक व्यक्ति औसतन एक घंटे में 1 हजार से 1100 तक महामंत्र का जाप करता है।