MP Election Congress List: कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, केंद्रीय मंत्री तोमर को चुनौती देंगे रवींद्र तोमर, तीन सीटों पर बदले प्रत्याशी, देखें 88 प्रत्याशियों की सूची
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 20, 2023 16:08 IST2023-10-20T14:58:01+5:302023-10-20T16:08:59+5:30
MP Election Congress List: उम्मीदवारों की दूसरी सूची में सबसे प्रमुख नाम रवींद्र सिंह तोमर का है जो दिमनी विधानसभा सीट पर केंद्रीय कृषि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर को चुनौती देंगे।

file photo
MP Election Congress List:कांग्रेस ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को 88 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इनमें तीन सीटों पर बदले गए उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं। पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी सूची में सबसे प्रमुख नाम रवींद्र सिंह तोमर का है जो दिमनी विधानसभा सीट पर केंद्रीय कृषि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर को चुनौती देंगे।
कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, दतिया से अवधेश नायक के स्थान पर राजेंद्र भारती, पिछोर विधानसभा सीट पर शैलेंद्र सिंह के स्थान पर अरविंद सिंह लोधी और गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र से शेखर चौधरी के स्थान पर नर्मदा प्रसाद प्रजापति को उम्मीदवार बनाया गया है।
मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव, 2023 के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची। pic.twitter.com/JCbINp9fk5
— Congress (@INCIndia) October 19, 2023
पार्टी ने निवास विधानसभा क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के खिलाफ चैन सिंह वर्कड़े और सीधी से भाजपा उम्मीदवार एवं सांसद रीति पाठक के खिलाफ ज्ञान सिंह को टिकट दिया है। कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी अब तक कुल 229 विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
कांग्रेस के 144 उम्मीदवारों की पहली सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत 69 विधायकों के नाम शामिल थे । टेलीविजन धारावाहिक में भगवान हनुमान की भूमिका निभाने वाले अभिनेता विक्रम मस्ताल को कांग्रेस ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को उनके गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है, जहां से वह वर्तमान में विधायक हैं। राज्य की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को की जाएगी।