इंदौर में कुत्ता घुमाने को लेकर विवाद में चली गोलियां, 2 की मौत, 6 घायल
By मुकेश मिश्रा | Updated: August 18, 2023 11:45 IST2023-08-18T11:42:15+5:302023-08-18T11:45:47+5:30
पुलिस ने बताया कि मौके पर आठ लोगों को गोली के छर्रे लगे। जिसमें विमल आमचे और राहुल वर्मा की मौके पर मौत हो गई। वहीं राहुल की पत्नी ज्योति और क्षेत्र में ही रहने वाले ललित गोडसे , कमल खेड़े, मोहित गोयल सहित छह लोग घायल हुए हैं।

फोटोः मुकेश मिश्रा।
इंदौरः मध्य प्रदेश में इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र की कृष्णबाग कालोनी में गुरुवार देर रात कुत्ता घुमाने को लेकर दो पक्षो में हुए विवाद के बाद गोली चल गई। जिसमें 2 लोगो की मौत हो गई वही 6 लोग घायल हुए है। पुलिस ने गोली चलाने वाले सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लेकर उसकी लायसेंसी बंदूक जब्त कर ली है। मृतक जीजा साले बताए जा रहे हैं। गोलीबारी में घायलों का ईलाज अस्पताल में चल रहा है।
खजराना थाना प्रभारी उमराव सिंह ने बताया कि मामला कृष्णबाग कालोनी के गली नंबर 6 की है। गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे कुत्ता घुमाने को लेकर राजपाल यादव का विमल आमचे के साथ विवाद की शुरुआत हुई। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा की अन्य लोग भी एक दूसरे के पक्ष में आकर खड़े हो गए। इस बीच राजपाल ने घर के अंदर से अपनी लायसेंसी बंदूक निकाल लाए और विमल तथा उनके साथियों पर गोली चला दी।
पुलिस ने बताया कि मौके पर आठ लोगों को गोली के छर्रे लगे। जिसमें विमल आमचे और राहुल वर्मा की मौके पर मौत हो गई। वहीं राहुल की पत्नी ज्योति और क्षेत्र में ही रहने वाले ललित गोडसे , कमल खेड़े, मोहित गोयल सहित छह लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है आरोपी राजपाल बैंक में गार्ड की नौकरी करता है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकार मौके पर पहुंच गए थे। आरोपी राजपाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसकी लायसेंसी बंदूक को भी जब्त कर लिया है।