Pro Kabaddi 2019: हरियाणा स्टीलर्स और बंगाल वॉरियर्स ने मारी बाजी
By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Updated: August 14, 2019 22:54 IST2019-08-14T18:24:40+5:302019-08-14T22:54:28+5:30
Pro Kabaddi 2019: प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें, तो यूपी 8 में से 4 मैच हारकर 9वें, जबकि हरियाणा 7 में से 4 मुकाबले जीतकर चौथे स्थान पर आ चुका है।

Pro Kabaddi 2019: हरियाणा स्टीलर्स और बंगाल वॉरियर्स ने मारी बाजी
प्रो कबड्डी लीग 2019 में बुधवार (14 अगस्त) को हरियाणा स्टीलर्स और बंगाल वॉरियर्स ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। अहमदाबाद के एका एरीना में खेले गए आज के पहले मैच में हरियाणा ने यूपी योद्धा को 36-33, जबकि बंगाल ने गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स को 28-26 से मात दी।
आज के पहले मैच में हरियाणा ने यूपी पर 3 अंकों से जीत दर्ज की। इस टीम की ओर से श्रीकांत जाधव ने रेड में 9, जबकि सुमित ने 4 टैकल अंक अपने नाम किए। वहीं हरियाणा की तरफ से विकास खंडोला ने 12 रेड, जबकि सुनील ने 6 टैकल प्वाइंट टीम के खाते में जोड़े। प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें, तो यूपी 8 में से 4 मैच हारकर 9वें, जबकि हरियाणा 7 में से 4 मुकाबले जीतकर चौथे स्थान पर आ चुका है।
वहीं दूसरे मैच में बंगाल के लिए के प्रपंजन ने 8 और मनिंदर सिंह ने पांच अंक लिए। बंगाल पहले हाफ में 17-12 से आगे थी। इसके बाद दूसरे हाफ में 37वें मिनट में मुकाबला 26-26 से बराबरी पर आ चुका था, लेकिन बंगाल ने लगातार दो अंक लेकर 2 प्वाइंट्स से मैच अपने नाम कर लिया। बंगाल को रेड से 16, टैकल से सात, आलआउट से दो और दो अतिरिक्त अंक मिले। गुजरात को रेड से 15 और टैकल से 11 अंक हासिल हुआ।
अंकतालिका पर नजर डालें, तो गुजरात 8 में से 3 मैच जीतकर सातवें, जबकि बंगाल 7 में से 4 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर मौजूद है। पिछले दो सीजन से फाइनल खेलने वाली गुजरात की यह लगातार पांचवीं हार है। गुजरात की टीम को अभी भी अपने होम लेग में पहली जीत की तलाश है।