2027 में फिर से योगी सरकार?, यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- पीएम मोदी की विकास पहल और सीएम योगी के साथ मिलेंगे रचेंगे इतिहास, वीडियो
By सतीश कुमार सिंह | Updated: December 15, 2025 11:41 IST2025-12-15T11:17:36+5:302025-12-15T11:41:30+5:30
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की भूमिकाओं को एक साथ निभाने के बारे में उन्होंने कहा कि मैं निश्चित रूप से पार्टी के निर्देशों का पालन करूंगा...

photo-ani
लखनऊः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उनकी नजर में संगठन और पार्टी कार्यकर्ता 'सर्वोपरि' हैं और नेतृत्व के अपने मूल मंत्र 'संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय' के आधार पर वह पार्टी को मजबूत बनाने के लिये काम करेंगे। 2027 के विधानसभा चुनावों के बारे में बात करते हुए नव निर्वाचित राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारत सरकार के कार्यों, प्रधानमंत्री मोदी की विकास पहलों, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति और जमीनी स्तर पर सेवाएं प्रदान करने के प्रयासों को देखते हुए, मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा सरकार 2027 के राज्य चुनावों में फिर से चुनी जाएगी।
#WATCH | Delhi: Speaking about 2027 assembly elections, newly elected State BJP President Pankaj Chaudhary says, "Considering the work of the Indian government, Prime Minister Modi's development initiatives, Chief Minister Yogi Adityanath's law-and-order situation in Uttar… pic.twitter.com/o3kUufEl8U
— ANI (@ANI) December 15, 2025
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की भूमिकाओं को एक साथ निभाने के बारे में उन्होंने कहा कि मैं निश्चित रूप से पार्टी के निर्देशों का पालन करूंगा... हालांकि, मैं दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने और उन्हें ठीक से पूरा करने का प्रयास करूंगा। सात बार महराजगंज से सांसद और कई बार केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्हें अब तक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा, ''मेरी नई जिम्मेदारी अब तक मिली तमाम जिम्मेदारियों से अधिक गंभीर और चुनौतीपूर्ण है, लेकिन मुझे विश्वास है कि गौरवशाली कार्यकर्ताओं का स्नेह और समर्पण इस महान दायित्व के निर्वहन में मेरी मदद करेगा। इससे पहले अब तक 15 प्रदेश अध्यक्षों ने अपने अनुभवों से प्रदेश में भाजपा को सींचा है।
मैं सभी के अनुभवों से सीखने और मार्गदर्शन प्राप्त करने का भी प्रयास करूंगा।'' चौधरी ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का दायित्व मिलने से वह उत्साहित, रोमांचित और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह जिम्मेदारी सौंपने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ-साथ 'संघ परिवार' (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) का दिल की गहराइयों से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी जैसी लोकतांत्रिक पार्टी में ही संभव है कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को भी एक बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
उनके मुताबिक, भाजपा में ना परिवारवाद चलता है और ना ही जातिवाद। चौधरी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में कार्यकर्ता, कार्यालय, कार्यक्रम और कोष के रूप में चार सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ होते हैं और इनमें कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा, ''मेरे मन में अपने कार्यकर्ताओं के प्रति बहुत आदर है और आज इस मंच से मैं पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि आप मेरे लिए सर्वोपरि हैं। आपके लिए मैं लडूंगा और अडूंगा। आपकी बात भी सुनूंगा और समाधान खोजने के सारे प्रयास करूंगा।''
चौधरी ने कहा, ''केवल आदेश देना ही नेतृत्व नहीं होता। मेरे लिए नेतृत्व के मायने हैं-बड़प्पन के साथ सब की बात सुनना और समाधान के हर संभव प्रयास करना। मुझे शासन नहीं करना है बल्कि भूमिका अदा करनी है। मुझे एक समन्वयकर्ता की, समाधान खोजकर्ता की, पूरे परिवार को एक साथ लेकर चलने वाले एक मुखिया की भूमिका अदा करनी है।''
उन्होंने कहा कि वह नेतृत्व के अपने चार मूल मंत्रों 'संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय' के जरिये काम करेंगे। भाजपा नेता ने कहा ''संगठन और सरकार के बीच समन्वय, आपकी बातें, आपके विचार एवं आपकी समस्याएं सरकार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मेरी है। सरकार के जनहितकारी कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारी और आपकी, दोनों की ही है।
कार्यकर्ता ही असली पूंजी और असली ताकत है।'' चौधरी ने कहा, ''हमारे पास तमाम पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व पदाधिकारी हैं। मेरा प्रयास रहेगा कि इन सबके राजनीतिक अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलता रहे और उनके अनुभव से पार्टी समृद्ध होती रहे। मेरा प्रयास रहेगा कि भाजपा परिवार और संगठन को और ऊंचाइयों तक ले जाऊं।''
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री चौधरी को रविवार को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने बधाई और शुभकामना दीं।
भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नबीन को इस पद के लिए चुना है। योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नितिन नबीन जी को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई।’’ योगी ने पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में आप संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता में 'राष्ट्र प्रथम' के पवित्र संकल्प को और अधिक पुष्ट करने में सफल होंगे।
पूर्ण विश्वास है कि आपके साथ भारतीय जनता पार्टी गरीब-कल्याण, सुशासन व जन-भागीदारी की अपनी मूल भावना को नए आयाम देगी और संगठन का प्रत्येक कदम 'विकसित भारत' के संकल्पों को गति प्रदान करेगा।'' वहीं, पार्टी प्रदेश मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भाजपा नेता व बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी।
चौधरी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं नितिन नवीन जी के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा।’’ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन जी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं।
पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव और नेतृत्व से संगठन को नयी दिशा और मजबूती मिलेगी।’’ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर किये गए पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन जी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके उत्कृष्ट नेतृत्व से संगठन सशक्त होगा एवं नित नये आयाम स्थापित करेगा।''