लाइव न्यूज़ :

येदियुरप्पा ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से की मुलाकात, इस्तीफे की अटकलों को किया खारिज

By भाषा | Updated: July 17, 2021 14:14 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 17 जुलाई कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने इस्तीफे की पेशकश करने संबंधी अटकलों को शनिवार को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें दक्षिणी राज्य में पार्टी को मजबूत करने और चुनाव में फिर सत्ता में लाने को कहा है।

येदियुरप्पा ने आज भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह दावा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में पार्टी की स्थिति और मजबूत करने को लेकर बातचीत हुई। उन्होंने (नड्डा) कर्नाटक की सत्ता में भाजपा की वापसी पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) ने भी यही कहा था। इस बारे में विस्तृत चर्चा हुई।’’

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और मेकेदातु परियोजना सहित राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी। येदियुरप्पा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी आज मुलाकात करेंगे।

नड्डा से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, ‘‘देश में और राज्य में भाजपा को मजबूत करने को लेकर मेरी उनसे (नड्डा) विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने मुझे कई सारे दिशा-निर्देश दिए हैं। मेरे बारे में उनकी राय बहुत अच्छी है। मैं पार्टी के लिए काम करूंगा और फिर से कर्नाटक की सत्ता में लौटूंगा।’’

येदियुरप्पा ने अपने इस्तीफे से संबंधित खबरों का भी खंडन किया और कहा कि इनमें तनिक भी सच्चाई नहीं है।

कर्नाटक भवन में पत्रकारों ने जब उनसे सवाल किया कि क्या उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की है, येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘बिल्कुल भी नहीं।’’

उन्होंने कहा कि ना तो ऐसी स्थिति आई है और ना ही ऐसी अफवाहों में कोई सच्चाई है। उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक किसी ने मुझे इस्तीफा देने को नहीं कहा है। यदि ऐसी कोई खबर है तो उसमें कोई दम नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली आना और राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करना तथा लंबित परियोजनाओं को मंजूरी दिलाना एक मुख्यमंत्री का कर्तव्य है। अगस्त के पहले सप्ताह में मैं फिर दिल्ली आउंगा।’’ कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच येदियुरप्पा का दिल्ली दौरा हुआ है। इस दौरे ने इन अटकलों को और बल दिया है। राजनीतिक हलकों में ये अटकलें लगायी जा रही हैं कि येद्दियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री आज शाम वापस बेंगलुरु लौट जाएंगे।

कर्नाटक भाजपा के कुछ असंतुष्ट नेता येद्दियुरप्पा और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार तथा प्रशासन में हस्तक्षेप के आरोपों को लेकर निशाना साध रहे हैं जिससे पार्टी तथा सरकार की फजीहत हुई है। पार्टी का एक अन्य धड़ा येद्दियुरप्पा (79) की उम्र का हवाला देते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहा है तथा 2023 के विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री का नया चेहरा पेश करने की जरूरत पर जोर दे रहा है।

राज्य मंत्रिपरिषद में संभावित फेरबदल पर मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘अगर मंत्रिमंडल में फेरदबल या विस्तार पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कोई चर्चा होती है तो मैं आपको बताऊंगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह