निकाय चुनाव में जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को : गहलोत
By भाषा | Updated: February 8, 2021 22:47 IST2021-02-08T22:47:39+5:302021-02-08T22:47:39+5:30

निकाय चुनाव में जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को : गहलोत
जयपुर, आठ फरवरी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया है।
राजस्थान के 20 जिलों के 90 निकायों के रविवार को घोषित अध्यक्ष पद के चुनाव परिणामों में 48 निकायों में सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस और 37 निकायों में भाजपा ने बोर्ड बनाया है।
गहलोत ने नगरीय निकायों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर विजयी हुए सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया,'' मैं आशा करता हूं कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए आप सभी प्रतिबद्ध होकर कार्य करेंगे। मेरा विनम्र आग्रह है कि आप सभी अपने क्षेत्र में जनसेवा में कोई कमी ना रखें।''
इसके साथ ही गहलोत ने निकाय चुनाव में कांग्रेस को विजयी बनाने के लिए मतदाताओं का धन्यवाद किया है।
उन्होंने कहा,'' वर्ष 2015 में कांग्रेस ने 39 निकायों में जीत की थी। इस बार यह संख्या 123 पहुंच गई है। प्रदेश के दो तिहाई नगरीय निकायों में कांग्रेस का बोर्ड है। यह हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।