लाइव न्यूज़ :

अब कांग्रेस में नहीं रहूंगा, भाजपा में भी नहीं जाऊंगा: अमरिंदर

By भाषा | Updated: September 30, 2021 20:17 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 30 सितंबर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने नयी राजनीतिक पारी शुरू करने का स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि वह अब कांग्रेस में नहीं रहेंगे और पार्टी से इस्तीफा दे देंगे क्योंकि ऐसे दल में वह नहीं रह सकते जहां उन्हें अपमानित किया जाए और उन पर विश्वास न किया जाए।

साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह भाजपा में शामिल नहीं होंगे।

इस घोषणा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल के परिचय से कांग्रेस का उल्लेख भी हटा दिया।

उनकी इस घोषणा से स्पष्ट हो गया है कि वह आने वाले दिनों में कांग्रेस और भाजपा से इतर किसी तीसरे राजनीतिक दल के साथ जा सकते हैं या फिर अपनी पार्टी बना सकते हैं। पंजाब में कुछ महीने बाद ही विधानसभा चुनाव है।

सिंह ने एक बयान में कहा, ‘‘ मैं भाजपा में शामिल नहीं हो रहा, लेकिन कांग्रेस छोड़ दूंगा। ऐसी पार्टी में मैं नहीं रह सकता जहां मेरा अपमान हो और मुझ पर विश्वास न किया जाए।’’

उनके मुताबिक, वह अभी आगे के विकल्प की तलाश कर रहे हैं।

सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़े करते हुए दावा किया, ‘‘कांग्रेस नीचे की ओर जा रही है। वरिष्ठ नेताओं की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है।’’

कपिल सिब्बल के घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह हमला किया गया क्योंकि उन्होंने (सिब्बल ने) वह विचार प्रकट किए जो पार्टी नेतृत्व को खुश करने वाले नहीं थे। यह पार्टी के लिए ठीक नहीं है।’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘पंजाब और भारत में पाकिस्तान से खतरे को जो लोग कमतर बता रहे हैं वे राष्ट्र विरोधी लोगों के हाथों में खेल रहे हैं। पाक समर्थित तत्व रोजाना हमारे जवानों को मार रहे है, वे ड्रोन से हमारे राज्य में हथियार पहुंचा रहे हैं। हम इस खतरे को कैसे नजरअंदाज कर सकते हैं?’’

गृह मंत्री अमित शाह से बुधवार को मुलाकात करने के बाद अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाकात की। सिंह ने कहा कि पंजाब से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं को लेकर उन्होंने डोभाल से मुलाकात की है।

इससे पहले एक निजी चैनल से बातचीत में अमरिंदर सिंह ने कहा था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का ग्राफ बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस की लोकप्रियता 20 प्रतिशत घट गई है।

डोभाल से मुलाकात के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा चिंताओं को लेकर मैं उनसे मिला। मैं मुख्यमंत्री भले ही नहीं हूं, लेकिन पंजाब तो हमारा है... पहले जैसे हालात न पैदा हों, एनएसए से मुलाकात का यही मकसद था।’’

गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात को लेकर सिंह ने कहा, ‘‘ किसान आंदोलन को एक साल पूरा हो गया। कुछ तो समाधान निकलना चाहिए। मुझे डर है कि इससे पंजाब में दिक्कतें पैदा हो सकती हैं, और यह मैं नहीं चाहता ।’’

उनके मुताबिक, ‘‘मैंने गृह मंत्री से कहा है कि किसानों की मांग मानने और फसल विविधिकरण के लिए पंजाब को 25 हजार करोड़ रुपये दिये जाएं।’’

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके नवजोत सिंह सिद्धू पर एक बार फिर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि वह गंभीर व्यक्ति नहीं हैं और सबको साथ लेकर काम नहीं कर सकते।

सिद्धू के साथ टकराव के बाद अमरिंदर सिंह ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया। सिद्धू ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की तारीफ करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘वह बेहद शिक्षित व्यक्ति हैं। मेरे साथ मंत्री के तौर पर उन्होंने अच्छा काम किया। यह जरूरी है कि सिद्धू उनको काम करने दें। सिद्धू हावी होना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को ‘जी 23’ की बात सुननी चाहिए। गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी और विवेक तन्खा सहित 23 प्रमुख नेताओं ने पिछले वर्ष कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी में संगठन चुनाव करवाने की मांग की थी। इस समूह के एक नेता जितिन प्रसाद अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह