विधायक के पत्नी को प्रताड़ित करने पर महिला आयोग ने कांगड़ा के एसपी से रिपोर्ट तलब की
By भाषा | Updated: June 26, 2021 22:45 IST2021-06-26T22:45:12+5:302021-06-26T22:45:12+5:30

विधायक के पत्नी को प्रताड़ित करने पर महिला आयोग ने कांगड़ा के एसपी से रिपोर्ट तलब की
शिमला, 26 जून हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग ने धर्मशाला से भारतीय जनता पार्टी के विधायक विशाल नेहरिया द्वारा अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोपों पर कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। आयोग की अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर मामले का स्वतः संज्ञान लिया।
कथित वीडियो में 2020 बैच की हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा अधिकारी ओशिन शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके पति विशाल नेहरिया ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। ठाकुर ने बताया कि कांगड़ा के एसपी विमुक्त रंजन को लिखे पत्र में आयोग ने उनसे तत्काल रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
पुलिस अधीक्षक इस मामले पर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को आए कथित वीडियो में ओशिन शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक ने उन्हें बृहस्पतिवार को तीन बार थप्पड़ मारा। नेहरिया और शर्मा ने दो महीने पहले 26 अप्रैल को शादी की थी।
शर्मा ने कहा कि वह अपने मायके वापस आ गई हैं। उन्होंने दावा किया कि नेहरिया ने उन्हें इस साल फरवरी में चंडीगढ़ के एक होटल में भी पीटा था। भाजपा विधायक ने न तो फोन कॉल का जवाब दिया और न ही संदेशों का उत्तर दिया। नेहरिया (32) दो साल पहले हुए उपचुनाव में धर्मशाला से विधायक चुने गए थे। शर्मा ने अपने ससुराल वालों पर दहेज मांगने का भी आरोप लगाया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।