बिहार से महिला सांसदों ने जीतने का बना दिया नया रिकॉर्ड, पांच महिलाओं ने मारी बाजी
By एस पी सिन्हा | Updated: June 5, 2024 17:58 IST2024-06-05T17:57:05+5:302024-06-05T17:58:01+5:30
बिहार से महिला सांसदों के जीतने का भी नया रिकॉर्ड बना है। लोकसभा चुनाव 2024 में जीत हासिल करने वाली महिला सांसदों की कुल संख्या 5 है। पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार से मात्र 3 महिला सांसद निर्वाचित हुई थीं। लेकिन इस बार पांच महिलाओं ने बाजी मारी है।

बिहार से महिला सांसदों ने जीतने का बना दिया नया रिकॉर्ड
पटना: लोकसभा चुनाव में बिहार में भले ही किसी भी दल के द्वारा आधी आबादी को ज्यादा तवज्जो नहीं दिया गया, लेकिन जहां भी उन्हें मौका दिया गया, आधी आबादी ने कमाल कर दिखाया। बिहार से महिला सांसदों के जीतने का भी नया रिकॉर्ड बना है। लोकसभा चुनाव 2024 में जीत हासिल करने वाली महिला सांसदों की कुल संख्या 5 है। पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार से मात्र 3 महिला सांसद निर्वाचित हुई थीं। लेकिन इस बार पांच महिलाओं ने बाजी मारी है।
बिहार से जीतने वाली 5 महिला सांसदों में से 3 पहली बार निर्वाचित हुई हैं। इन तीन में से दो ने पहली बार चुनाव लड़ा और पहली बार में ही सांसद बन गईं। बिहार से जीत हासिल करने वाली महिला सांसदों में वैशाली से वीणा देवी ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। उन्होंने लोजपा(रा) के टिकट पर चुनाव लड़ा और दूसरी बार भी संसद जाने में सफल रहीं। उन्होंने राजद उम्मीदवार विजय कुमार शुक्ला अर्फ मुन्ना शुक्ला को परास्त किया।
वहीं चिराग पासवान की पार्टी लोजपा(रा) से एक और महिला सांसद शांभवी चौधरी ने समस्तीपुर से जीत हासिल की है। शांभवी ने पहली बार चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के सन्नी हजारी को हराया है। 18 वीं लोकसभा में शांभवी ने सबसे कम उम्र की सांसद बनने का रिकॉर्ड बनाया है। इसतरह लोजपा(रा) की टिकट पर जीतने वाली वीणा देवी और शांभवी चौधरी दो महिला सांसद हो गई हैं। इसके साथ ही जदयू के टिकट पर भी दो महिलाओं ने एजीत दर्ज की है।
सीवान से विजय लक्ष्मी पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ी और उन्होंने बड़ी जीत हासिल कर ली। इसी तरह जदयू की एक अन्य महिला प्रत्याशी लवली आनंद ने शिवहर से जीत हासिल की। एक लंबे अन्तराल के बाद लवली आनंद ने फिर से सांसद बनने में सफलता पाई है। संयोग से जिन दो सीटों पर जदयू की महिला प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है दोनों जगहों पर उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी भी महिला ही रही हैं।
इसके साथ ही राजद की मीसा भारती ने पाटलिपुत्र संसदीय सीट से जीत हासिल की है। तीसरे प्रयास में उन्होंने भाजपा के रामकृपाल यादव को हराने में सफलता पाई। मीसा भारती फ़िलहाल राज्यसभा की सांसद हैं। इस जीत के साथ ही वह पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं। जीत हासिल करने वाली पांच महिला सांसदों में चार एनडीए खेमे से जीती हैं, जबकि एक ने इंडिया गठबंधन की ओर से जीत हासिल की है।