ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में वन से महिला का शव और घायल बच्चा मिला
By भाषा | Updated: June 26, 2021 16:36 IST2021-06-26T16:36:07+5:302021-06-26T16:36:07+5:30

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में वन से महिला का शव और घायल बच्चा मिला
केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 26 जून ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक सदाबहार वन क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार को एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया और एक घायल बच्चे को बचा लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जंबू मरीन पुलिस थाने की सीमा के अंतर्गत कंदारापटिया सदाबहार वन क्षेत्र में एक नाले के पास से महिला का क्षत-विक्षत शव और दो साल का घायल बच्चा मिला। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
महिला के शव और घायल बच्चे की पहचान अब तक नहीं की गयी है। प्राथमिक जांच में महिला की हत्या होने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जबकि घायल बच्चे को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।