एसपी-बीएसपी गठबंधन में शामिल होगी आरएलडी? जयंत बोले- सफल रही अखिलेश यादव के साथ बैठक
By आदित्य द्विवेदी | Updated: January 16, 2019 13:41 IST2019-01-16T12:03:42+5:302019-01-16T13:41:43+5:30
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए यूपी में एसपी-बीएसपी गठबंधन के साथ आरएलडी के शामिल होने की संभावना है।

एसपी-बीएसपी गठबंधन में शामिल होगी आरएलडी? जयंत बोले- सफल रही अखिलेश यादव के साथ बैठक
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने गठबंधन कर लिया है। इसमें राष्ट्रीय लोक दल के शामिल होने की सुगबुगाहट बढ़ गई है। बुधवार को आरएलडी नेता जयंत चौधरी सपा मुखिया अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के साथ उनकी मुलाकात सफल रही। उम्मीद है कि वो अपने मंसूबों में कामयाब होंगे। माना जा रहा है कि सीटों के फॉर्मूला पर अंतिम मुहर लग सकती है क्योंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आरएलडी की अहमियत को देखते हुए अखिलेश भी उन्हें गठबंधन में शामिल करना चाहते हैं। आज बैठक के बाद इसका औपचारिक एलान किया जाएगा।
Jayant Chaudhary, Rashtriya Lok Dal (RLD) national vice-president: It was a good meeting with Akhilesh ji. I feel that we will be successful in our effort. pic.twitter.com/ROohRBEzpd
— ANI UP (@ANINewsUP) January 16, 2019
चार सीटों पर बन सकती है बात
लोकसभा चुनाव के लिए सपा-बसपा गठबंधन में आरएलडी का शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में आरएलडी छह सीटों की मांग कर सकती है लेकिन चार सीटों पर बात बनने की संभावना है। इसमें बागपत, मुजफ्फरनगर, मथुरा और हाथरस शामिल हैं। मथुरा सीट पर अखिलेश के करीबी नेता संजय लाठर को आरएलडी के चुनाव निशान से लड़ाया जा सकता है।
कौन कहां से लड़ेगा चुनाव?
आरएलडी के प्रभुत्व वाली बागपत सीट पर जयंत चौधरी प्रत्याशी हो सकते हैं। इसके अलावा पार्टी मुखिया अजित सिंह मुजफ्फरपुर से ताल ठोक सकते हैं। हाथरस से कौन चुनाव लड़ेगा अभी यह तय किया जाना बाकी है। इसके अलावा मथुरा से सपा नेता संजय लाठर को आरएलडी के चुनाव निशान से लड़ाया जा सकता है।