प्रियंका गांधी को नहीं छोड़ा गया तो करेंगे ‘जेल भरो आंदोलन’: नाना पटोले
By भाषा | Updated: October 6, 2021 15:22 IST2021-10-06T15:22:14+5:302021-10-06T15:22:14+5:30

प्रियंका गांधी को नहीं छोड़ा गया तो करेंगे ‘जेल भरो आंदोलन’: नाना पटोले
मुंबई, छह अक्टूबर कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को कहा कि अगर उत्तर प्रदेश पुलिस प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत से रिहा नहीं करेगी तो पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी और “जेल भरो आंदोलन” करेगी। वाद्रा को उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखीमपुर खीरी जाते समय हिरासत में ले लिया था।
पटोले ने यहां संवाददाताओं से कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों के परिजनों से कोई भी जाकर मिल सकता है लेकिन राहुल गांधी या प्रियंका को जाने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार राहुल और प्रियंका से डरती है।
पटोले ने कहा, “प्रियंका गांधी को सम्मानजनक तरीके से छोड़ा जाना चाहिए वरना कांग्रेस जेल भरो आंदोलन करेगी। उन्हें उनसे और किसानों से माफी मांगनी चाहिए और तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए।” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा था कि उन्हें सीतापुर के पीएसी कम्पांउड में अवैध रूप से हिरासत में रखा गया है और उन्हें कोई नोटिस या प्राथमिकी नहीं दी गयी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि प्रियंका तथा 10 अन्य लोगों पर शांति भंग करने के प्रयास में मामला दर्ज कर निवारक हिरासत में रखा गया है। प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने जा रही थीं जब उन्हें हिरासत में लिया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।