वृन्दावन में विधवाओं ने यमुना किनारे मनाई दिवाली
By भाषा | Updated: November 11, 2020 21:17 IST2020-11-11T21:17:36+5:302020-11-11T21:17:36+5:30

वृन्दावन में विधवाओं ने यमुना किनारे मनाई दिवाली
मथुरा, 11 नवंबर अपने जीवन में छाए अंधकार को दूर भगाने के लिए विधवा महिलाओं ने बुधवार को वृन्दावन के ऐतिहासिक केशी घाट पर यमुना नदी में दीपदान कर दीपावली मनायी।
बुधवार को विभिन्न आश्रय घरों में रहने वाली कुछ दर्जन विधवाओं ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए यमुना किनारे रंगीन दीपकों से दिवाली का उत्सव मनाया। विगत में ऐसे मौकों पर इन महिलाओं की संख्या एक हजार से भी अधिक हो जाती थी। परंतु कोविड -19 प्रतिबंधों के कारण इस बार यह संख्या सीमित रखी गई ।
यह लगातार आठवां वर्ष है, जब विधवाओं ने प्रतीकात्मक रूप से रोशनी के उत्सव में भाग लिया। यह कार्यक्रम सुलभ होप फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जाता है।
सुलभ आंदोलन के संस्थापक व समाज सुधारक बिंदेश्वर पाठक ने रोशनी के त्योहार के लिए यह अनूठा विचार पेश किया था। सुलभ होप फाउंडेशन की उपाध्यक्ष विनीता वर्मा कहती हैं कि सुलभ उन्हें नियमित आधार पर दैनिक जरूरतों को पूरा करने के अलावा चिकित्सा सुविधा और व्यावसायिक प्रशिक्षण भी प्रदान करता है, ताकि वे अपने जीवन के धुंधले पड़ाव से बाहर निकल सकें। .
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कोरोना काल में भले ही आम लोगों के मन में कई प्रकार की आशंकाओं ने घर कर लिया हो, किंतु इन महिलाओं ने अपने आपको पहले से भी अधिक आत्मनिर्भर, स्वच्छतापरक और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।