कौन थीं मधुमिता राउत?, 59 वर्ष में दुनिया को कहा अलविदा?
By सतीश कुमार सिंह | Updated: March 21, 2026 11:43 IST2026-03-21T11:43:15+5:302026-03-21T11:43:31+5:30
प्रख्यात ओडिसी नृत्यांगना मधुमिता राउत का शनिवार (21 मार्च, 2026) को हृदयाघात के कारण निधन हो गया।

file photo
नई दिल्लीः प्रख्यात ओडिसी नृत्यांगना मधुमिता राउत का शनिवार सुबह यहां हृदयाघात के कारण निधन हो गया। वह 59 वर्ष की थीं। परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। राउत के भाई मनोज राउत ने कहा, “वह कुछ समय से अस्वस्थ थीं और दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं, जहां आज सुबह छह बजकर 22 मिनट पर उन्हें हृदयाघात हुआ।” राउत के दो छोटे भाई मनोज और मनमथ हैं।
ओडिसी गुरु मायाधर राउत की पुत्री मधुमिता को ओडिसी नृत्य के प्रचार-प्रसार के लिए कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हुए थे, जिनमें भारत निर्माण पुरस्कार 1997, ओडिशा राज्य घुंघुर सम्मान 2010 और ओडिशा लिविंग लीजेंड पुरस्कार 2011 शामिल हैं। उन्होंने भारत, आयरलैंड, नीदरलैंड, जर्मनी, बेल्जियम, हंगरी, ऑस्ट्रिया, स्पेन, मोरक्को, फ्रांस, पुर्तगाल, जापान और अमेरिका के प्रमुख नृत्य समारोहों में भाग लिया था।
उनकी रचनाओं में कविता पर आधारित संगीत रचनाएँ, गोएथे की कविताओं पर आधारित नृत्य रचनाएँ और नीदरलैंड्स में बाली की नर्तकी दीया तांत्री के साथ किए गए फ़्यूज़न नृत्य शामिल हैं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार (21 मार्च, 2026) को दोपहर 3:30 बजे दिल्ली के लोधी श्मशान घाट में किया जाएगा।