कौन हैं काम्या कार्तिकेयन?, 18 साल में रचा इतिहास
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 30, 2025 21:53 IST2025-12-30T21:52:05+5:302025-12-30T21:53:02+5:30
भारतीय नौसेना एक नौसैन्य अधिकारी की 18 वर्षीय बेटी एवं नेवी चिल्ड्रन स्कूल की पूर्व छात्रा काम्या कार्तिकेयन को बधाई देती है।

file photo
नई दिल्लीः नौसेना ने मंगलवार को बताया कि भीषण ठंड और तेज हवाओं का सामना करते हुए एक नौसैन्य अधिकारी की 18 वर्षीय बेटी ने स्कीइंग करते हुए दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बनने का गौरव हासिल किया है। भारतीय नौसेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में काम्या कार्तिकेयन को बधाई दी। इसने कहा, ‘‘काम्या ने शून्य से 30 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान और तूफानी हवाओं का सामना करते हुए, 89 डिग्री दक्षिण से लगभग 60 समुद्री मील (लगभग 115 किमी) की दूरी तय की, जिसमें वह अपने पूरे अभियान के सामान से लदी एक स्लेज को खींच रही थीं,
और 27 दिसंबर 2025 को दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचीं।’’ नौसेना ने उसके द्वारा स्लेज खींचे जाने का एक वीडियो और कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। पोस्ट में कहा गया, ‘‘भारतीय नौसेना एक नौसैन्य अधिकारी की 18 वर्षीय बेटी एवं नेवी चिल्ड्रन स्कूल की पूर्व छात्रा काम्या कार्तिकेयन को बधाई देती है,
जिन्होंने दक्षिणी ध्रुव तक स्कीइंग करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय और दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला बनकर एक बार फिर इतिहास रच दिया है।’’ नौसेना के अनुसार, पर्वतारोहण में विलक्षण प्रतिभा की धनी काम्या का लक्ष्य ‘एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम’ को पूरा करने वाली अब तक की सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनने का है - यह एक ऐसा साहसिक कार्य है जिसमें सभी सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ना और दोनों ध्रुवों तक स्कीइंग करना शामिल है। इससे पहले, वह माउंट एवरेस्ट सहित सातों शीर्ष पर्वत चोटियों तक पहुंचने की चुनौती को पूरा कर चुकी हैं।
पोस्ट में कहा गया, ‘‘काम्या की असाधारण उपलब्धि उनकी पीढ़ी के कई लोगों को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। भारतीय नौसेना उत्तरी ध्रुव को फतह करने के अंतिम लक्ष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देती है।’’